लखनऊ: फ्लैट में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर, IPS किरन यादव ने किया खुलासा

लखनऊ पुलिस ने एक फ्लैट में फर्जी अंतर्राष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है. यह गिरोह देश-विदेश में साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था. क्राइम ब्रांच की छापेमारी में मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. एडीसीपी क्राइम IPS किरन यादव ने सीक्रेट ऑपरेशन को खुद लीड किया.

ओमैक्स सिटी फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़

लखनऊ पुलिस ने सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है. साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने गुरुवार देर रात छापेमारी कर एक फ्लैट से सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि ओमैक्स सिटी के एक फ्लैट से फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है. इसपर क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात दबिश दी और वहां मौजूद लोगों को हिरासत में ले लिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर के जरिए देश-विदेश के लोगों को फोन कर साइबर ठगी का शिकार बनाया जाता था.

IPS किरन यादव ने लीड किया ऑपरेशन

एडीसीपी क्राइम IPS किरन यादव को सबसे पहले ओमेक्स रेजिडेंसी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अवैध कॉल सेंटर चलने की सूचना मिली थी. उन्होंने सीक्रेट ऑपरेशन को खुद लीड किया और पूरी रात अभियान चलाकर सात लोगों को दबोचा, जिनमें मुख्य आरोपी पुनीत वर्मा और देवेंद्र पटेल शामिल हैं. ये लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी करते थे.

ऑपरेशन के दौरान एडीसीपी क्राइम किरन यादव

पुलिस को मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत कई डिजिटल उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. जांच एजेंसियां अब बरामद डिजिटल उपकरणों का विश्लेषण कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह ने कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी की रकम कहां-कहां भेजी गई.

पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा- DCP

वहीं, पुलिस उपायुक्त अपराध अनिल कुमार यादव ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. उन्होंने बताया कि जांच जारी है, पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us