24 घंटे में सोना 12,000 और चांदी 32,000 रुपये हुई सस्ती, जाने यूपी के शहरों में क्या है रेट

IBJA (इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन) के मुताबिक गोल्ड-सिल्वर के रेट में भारी गिरावट देखी गई है. आज यानी 23 मार्च को भारत में 24 कैरेट सोने का रेट 1,36,403 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है. वहीं, चांदी की कीमत 201500 प्रति किलोग्राम रह गई है. आईए जानते हैं यूपी के विभिन्न शहरों के सर्राफा बाजार में सोने-चांदी का क्या रेट चल रहा है.

गोल्ड सिल्वर रेट

अभी कुछ महीने पहले ही सोना-चांदी का रेट आसमान छू रहा था. जनवरी के अंत में चांदी का दाम 4,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. वहीं सोने की कीमत भी 1 लाख 92 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी. हालांकि,पिछले कुछ दिनों से दोनों के रेट में रिकॉर्ड गिरावट देखी जा रही है, खासकर ईरान और अमेरिका युद्ध की शुरुआत इसमें ज्यादा तेजी आई है. इस बीच चांदी का रेट तो अपने रिकॉर्ड लेवल से करीब 50 फीसदी नीचे आ चुकी है. वहीं, सोने की कीमत में 25 प्रतिशत की कमी आई है.

सोना 12000 तो चांदी 32 हजार रुपये हुई सस्ती

IBJA (इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन) के अनुसार आज यानी 23 मार्च को भारत में 24 कैरेट सोने का रेट 1,36,403 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है. वहीं, चांदी की कीमत 201500 प्रति किलोग्राम रह गई है. पिछले हफ्ते के अंतिम कार्य दिवस के दिन यानी 22 मार्च के मुकाबले सोने के दाम में 12199 रुपये की गिरावट आई है. वहीं, चांदी में 32, 100 रुपये की कमी आई है. बता दें कि आईबीजेए सरकारी छुट्टी के अलावा शनिवार और रविवार को रेट जारी नहीं करता है.ऐसे में आईबीजेए ने 21 और 22 मार्च को गोल्ड-सिल्वर के रेट नहीं जारी किए थे.

लखनऊ के सर्राफा बाजार में क्या चल रहा रेट?

अलग-अलग शहरों में गोल्ड सिल्वर के रेट में अंतर देखा सकता है. इसके पीछे का कारण स्थानीय टैक्स, परिवहन लागत. स्थानीय ज्वैलर्स एसोसिएशन द्वारा मूल्य निर्धारण और मांग-आपूर्ति का अंतर है. प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज 24 कैरेट सोने की प्रति 10 ग्राम कीमत 1,41, 000 पाई गई है. वहीं, प्रति किलोग्राम चांदी की 2, 10000 रिकॉर्ड की गई. सर्राफा व्यापारियों के मुताबिक पिछले 7-8 दिन से गोल्ड सिल्वर के रेट में लगातार गिरावट जारी है.

मुरादाबाद में सोना-चांदी का ये है रेट

फिलहाल, पीतल नगरी के नाम से पहचाना जाने वाला मुरादाबाद के सर्राफा बाजार में भी पिछले चार दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में जो भारी गिरावट देखी गई. मुरादाबाद में इस वक्त प्रति 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का रेट 1,32,000 और चांदी 2,03,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर है. महज 24 घंटों के भीतर सोने के दाम में ₹12,000 और चांदी में ₹25,000 की भारी कमी आई है.

मेरठ के सर्राफा बाजार का भी हाल जानिए

वहीं, मेरठ में अगर सोने के दामों की करे तो आज का रेट 1,38,935 रूपये पर 10 ग्राम है.साथ ही चांदी का रेट लगभग 2,04,000 रूपये पर किलोग्राम है. सर्राफा व्यपारियों का कहना है कि सोना-चांदी के रेट में गिरावट के बाद भी बाजार में रौनक नहीं है. जब तक दामों में स्थिरता नहीं आती तब तक सोने-चांदी का मार्केट ठंडा ही रहेगा. लोग सोने-चांदी का रेट कम होने के साथ-साथ स्थिर होने का इंतजार कर रहे हैं.

हर घंटे सोना-चांदी के रेट में हो रहा बदलाव

मुरादाबाद जिले में सर्राफा व्यापारी मनीष गोयल ने कहा कि आज के समय में सोने की रेट रोजाना कुछ ना कुछ बदलाव हो रहा है. ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे जंग के चलते हर घंटे रेट में तब्दीली देखी जा रही है. शेयर मार्केट में गोल्ड सिल्वर का जो रेट होता है,उससे 2 से 4000 रुपये का फर्क आम मार्केट में रहता हैं. हमें यह बाद में पता चलता है कि सोना शेयर मार्केट के हिसाब से कम में बिक्री करनी है या ज्यादा में.

क्या सट्टेबाजी की वजह से गिर रहे सोना-चांदी के रेट

कानपुर के रहने वाले सर्राफा व्यापारी और ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा ने सोने-चांदी के रेट में आ रही गिरावट के पीछे सट्टेबाजी को जिम्मेदार ठहराया है. उनका मानना है कि बहुत ज्यादा समय तक यह गिरावट नहीं रहेगी. उनके अनुसार जल्द ही सोने चांदी के दाम एक बार फिर नहीं उचाइयों तक जाएंगे. मुकुल वर्मा की बात मानें तो यह उनके लिए फायदे का समय है. सोना चांदी महंगा होने की वजह से ग्राहक मार्केट से गायब हो गया था.

ग्राहकों के लिए सोना-चांदी की खरीदारी का सबसे मुफीद समय

मुकुल वर्मा ने कहा कि आने वाले महीनों में शादियों का मौसम है. ऐसे में ग्राहकों के लिए सोने-चांदी की खरीदारी का यह मुफीद समय है. जो खरीददारी सोने चांदी के दाम बढ़ने से रुक गई थी वो अब एक बार फिर शुरू हो जाएगी. इससे ज्वैलर्स मार्केट गुलजार होने की उम्मीद है. जब भी विश्व पटल पर कोई युद्ध होता है तो सोने चांदी के दाम बढ़ते है लेकिन इस बार गिर रहे है उसके पीछे सबसे बड़ी वजह सट्टेबाजी है.

Follow Us