जवाहर भवन कैसे भड़की आग? 2 Km दूर तक दिखा धुएं का गुबार, डिप्टी CM भी पहुंचे
लखनऊ के जवाहर भवन में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई, जिससे 2 किमी दूर तक धुएं का गुबार दिखा. चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी आग से हड़कंप मच गया. फायर ब्रिगेड ने सभी को सुरक्षित निकाल लिया है. सूचना मिलने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया. हालांकि आग के कारणों का अभी पता नहीं चला है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित जवाहर भवन में सोमवार भीषण आग लगी. आग की तीव्रता इतनी भयावह थी कि धुएं का गुबार 2 किमी दूर से भी साफ नजर आ रहा था. आग इस बिल्डिंग के चौथी मंजिल स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी थी. इस घटना के बाद इस सरकारी इमारत के ऊपरी मंजिल में काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि सूचना मिलते ही एक्टिव हुई फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी कर्मचारियों और अपने काम के लिए आए लोगों को सुरक्षित निकाल लिया.
हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. घटना की जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेने के साथ अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया. अभी तक की सूचना के मुताबिक इस अग्निकांड में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है. बता दें कि जवाहर भवन में आधा दर्जन से अधिक सरकारी विभागों के ऑफिस हैं और इस बिल्डिंग में सैकड़ों की तादात में कर्मचारी काम करते हैं.
धुआं देखकर मचा हड़कंप
सोमवार की सुबह जवाहर भवन में आग लगते ही धुएं का गुबार आसमान छूने लगा. ऊपरी तल से उठता काला धुआं देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. लोग भागकर इमारत की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आग ने बिल्डिंग के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था. आनन फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बिल्डिंग में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया.
ऑपरेशन के दौरान गिरी छत
रेस्क्यू टीम के मुताबिक आग सुबह करीब 10 बजे लगी थी. यह आग जवाहर भवन की ऊपरी मंजिल पर स्थित कैंटीन में आग लगी थी. हादसे के वक्त इस बिल्डिंग में काम करने वाले सभी कर्मचारी अपनी सीट पर पहुंच चुके थे. इसकी वजह से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. रेस्क्यू टीम के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान जर्जर हो चुके भवन की छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया गनीमत रही कि इससे कोई जख्मी नहीं हुआ.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे
जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के अलावा मेयर सुषमा खर्कवाल समेत तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. मौका मुआयना के बाद ब्रजेश पाठक ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है. इस घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई है, लेकिन इमारत में रखी महत्वपूर्ण फाइलों के नुकसान की आशंका है. उन्होंने बताया कि आग के कारणों की भी जांच कराई जा रही है.
