बुंदेलखंड को PM मोदी की सौगात, कानपुर से कबरई तक नए नेशनल हाइवे को मंजूरी
बुंदेलखंड को सड़क संपर्क के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है. केंद्र सरकार ने कानपुर से कबरई (महोबा) तक नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को मंजूरी दे दी है. करीब 130 किलोमीटर लंबा यह हाईवे कानपुर, हमीरपुर और महोबा को बेहतर कनेक्टिविटी देगा. इसके बनने से कानपुर से कबरई का सफर लगभग तीन घंटे से घटकर डेढ़ घंटे रह जाएगा.
उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र को सड़क संपर्क के मामले में बड़ी सौगात मिली है. केंद्र सरकार ने कानपुर से कबरई (महोबा) तक नए राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है. यह परियोजना न केवल कानपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि आगे चलकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल तक बेहतर सड़क संपर्क का रास्ता भी खोलेगी. इस नए हाईवे के बनने से करीब तीन घंटे का सफर घटकर लगभग डेढ़ घंटे का रह जाएगा.
करीब 130 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग कानपुर, हमीरपुर और महोबा को आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ेगा, कबरई, जो महोबा जिले का महत्वपूर्ण औद्योगिक और पत्थर कारोबार का केंद्र है, उसे कानपुर से तेज संपर्क मिलेगा. इससे बुंदेलखंड के लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
डेढ़ घंटे में पूरा होगा सफर
फिलहाल कानपुर से कबरई तक पहुंचने में सड़क मार्ग से लगभग तीन घंटे या उससे अधिक समय लगता है, जबकि दूरी महज 127 किलोमीटर है. नए हाईवे के निर्माण के बाद यह दूरी काफी कम समय में तय की जा सकेगी. बेहतर डिजाइन,चौड़ी सड़क और तेज यातायात व्यवस्था के कारण यात्रा का समय घटकर लगभग डेढ़ घंटे रह जाने का अनुमान है. इससे यात्रियों के समय की बचत होगी, ईंधन की खपत कम होगी और माल परिवहन भी अधिक तेज और किफायती हो सकेगा.
4 और 6 लेन का होगा हाईवे
इस हाईवे की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह आगे चलकर भोपाल तक कनेक्ट किया जा सकता है. इससे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच सड़क संपर्क और मजबूत होगा. दोनों राज्यों के बीच व्यापार, उद्योग, कृषि उत्पादों के परिवहन और पर्यटन को नई गति मिलने की संभावना है. प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग को आधुनिक मानकों के अनुसार 4 और 6 लेन में विकसित किया जाएगा. जरूरत के अनुसार विभिन्न हिस्सों में सड़क की चौड़ाई तय की जाएगी.
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा फायदा
कबरई और महोबा क्षेत्र पत्थर उद्योग के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं. बेहतर सड़क संपर्क मिलने से निर्माण सामग्री और अन्य औद्योगिक उत्पादों का परिवहन तेज होगा. इसके अलावा महोबा और बुंदेलखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है. नई सड़क बनने के बाद रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, व्यापारियों, किसानों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा.
(रिपोर्ट- आनंद पांडेय)