‘सपा बहादुर को सपना देखना छोड़ देना चाहिए’, बंगाल-तमिलनाडु के नतीजों पर बोले केशव मौर्य
बंगाल और तामिलनाडु के नतीजों के लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसा है.उन्होंने लिखा है कि 'सपा बहादुर अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है. अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में 'सत्ता के सपने' देखना छोड़ देना चाहिए. उनके हिस्से केवल अंतहीन इंतजार है.'
पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी को दो तिहाई बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है. बीजेपी तकरीबन 192 सीटें पर आगे है. वहीं, टीएमसी सिर्फ 95 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. ममता बनर्जी 15 साल तक लगातार सत्ता में काबिज रही. लेकिन अब उनकी विदाई तय हो गई है. बंगाल में आजादी के बाद पहली बार बीजेपी की सरकार बनते दिख रही है.
तामिलनाडु में भी एमके स्टालिन की पार्टी की भी सत्ता से विदाई तकरीबन तय है. यहां सुपरस्टार थलपति विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है. ऐसे बंगाल और तामिलनाडु के नतीजों के लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसा है.
अखिलेश को अब जनता सुनने को तैयार नहीं-केशव मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘सपा बहादुर अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है. उनके तमिलनाडु वाले ‘भैया’ एम. के. स्टालिन और बंगाल की ‘दीदी’ ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है.उनके ‘भैया’ राहुल गांधी का हाल पहले ही सब देख चुके हैं, और हाल ही में बिहार में तेजस्वी यादव भी ‘चारों खाने चित्त’ हो चुके हैं.
अखिलेश को हिस्से केवल ‘अंतहीन इंतज़ार’-केशव मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट में आगे लिखा है कि ‘अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में ‘सत्ता के सपने’ देखना छोड़ देना चाहिए. सच यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में सपा बहादुर के हिस्से अब केवल ‘अंतहीन इंतज़ार’ ही लिखा है.’
दोनों डिप्टी सीएम की अखिलेश के साथ X पर छिड़ी है तीखी सियासी जंग
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से X अकाउंट पर केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक का सपा प्रमुख अखिलेश यादव से तीखी सियासी जंग छिड़ी हुई है. दरअसल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने बुद्ध पूर्णिमा पर कुशीनगर स्थित बुद्ध परिनिर्वाण स्थल से वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस वीडियो पर तंज कसा था. उन्होंने एक्स पर लिखा था कि ‘दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती’. इसपर केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को जबाव देते हुए कहा था, ‘एक फिट और हिट जोड़ी से आपका घबराना निहायत ही जायज है. ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया था कि ‘आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है. इसलिए अखिलेश जी मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं.