लखनऊ एयरपोर्ट बना भारत का पहला ‘ईट राइट कैंपस’, FSSAI ने 3-स्टार रेटिंग भी दी

लखनऊ एयरपोर्ट भारत का पहला FSSAI प्रमाणित 'ईट राइट कैंपस' बन गया है. अब यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन का भरोसा मिलेगा. यह उपलब्धि 3-स्टार रेटिंग के साथ मिली है, जो खाद्य सुरक्षा मानकों में एयरपोर्ट की उत्कृष्टता दर्शाती है. FSSAI का यह प्रमाणन अगले दो वर्षों तक के लिए वैध है.

लखनऊ एयरपोर्ट बना भारत का पहला FSSAI 'ईट राइट कैंपस

लखनऊ का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने में सफल रहा है. लखनऊ एयरपोर्ट FSSAI से ‘ईट राइट कैंपस’ प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारत का पहला एयरपोर्ट बन गया है. अब यात्रियों को केवल बेहतर यात्रा अनुभव ही नहीं, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन की भी गारंटी मिलेगी.

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने लखनऊ एयरपोर्ट को यह प्रमाणन 24 मार्च 2026 से 23 मार्च 2028 तक दो वर्षों के लिए प्रदान किया है. खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के उत्कृष्ट पालन के लिए एयरपोर्ट को 3-स्टार रेटिंग भी दी गई है. यह प्रमाणपत्र अपर जिलाधिकारी (पूर्वी) लखनऊ महेंद्र पाल सिंह द्वारा एयरपोर्ट प्रशासन को सौंपा गया.

स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद मिला सम्मान

यह उपलब्धि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. लखनऊ एयरपोर्ट को यह सम्मान एक स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद मिला, जिसमें एयरपोर्ट परिसर के सभी फूड आउटलेट्स और खाद्य सेवा प्रदाताओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया.

ऑडिट के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, पौष्टिक भोजन की उपलब्धता, खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने और यात्रियों व फूड हैंडलर्स के बीच जागरूकता जैसे विभिन्न मानकों की जांच की गई.

देश के एयरपोर्ट्स के लिए नया रोल मॉडल

एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यह उपलब्धि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. लखनऊ एयरपोर्ट केवल यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है.

‘ईट राइट कैंपस’ प्रमाणन मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट देश के अन्य हवाई अड्डों के लिए भी एक नया मानक स्थापित करने में सफल हुआ है.

Follow Us