लखनऊ: लोहिया अस्पताल में CVTS विभाग के HOD एपी जैन सस्पेंड, महिला स्टाफ से छेड़छाड़ के आरोप

लखनऊ के लोहिया संस्थान में महिला स्टाफ से छेड़छाड़ के गंभीर आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है. CVTS विभाग के HOD डॉ. एपी जैन को निलंबित कर दिया गया है. उन पर कई महिला कर्मियों द्वारा मानसिक उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए थे. विभागीय दबाव में यह कार्रवाई हुई है.

महिला स्टाफ उत्पीड़न पर डॉ. एपी जैन निलंबित Image Credit:

राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RLM) में महिला स्टाफ से छेड़छाड़ के आरोपों के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. संस्थान के कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (CVTS) विभाग के HOD डॉ. एपी जैन को निलंबित कर दिया गया है. संस्थान के प्रवक्ता भुवन चंद्र तिवारी ने शुक्रवार को डॉ. एपी जैन के निलंबन की पुष्टि की है.

सूत्रों के मुताबिक, डॉ. एपी जैन के खिलाफ कई बार नर्सिंग कर्मियों और अन्य स्टाफ ने शिकायत की थी. लेकिन संस्थान प्रशासन ने हर बार मामले को दबाया. उनपर पहले भी जूनियर महिला डॉक्टरों के छेड़ने के आरोप लग चुके हैं. मानवाधिकार और महिला आयोग में भी मामले दर्ज हैं. वहीं, अब विभागीय दबाव में आकर उन्हें सस्पेंड किया गया.

RLM के महिला स्टाफ ने लगाए गंभीर आरोप

एक महिला डॉक्टर ने शिकायत में आरोप लगाया कि विभाग में अन्य जूनियर और सीनियर रेजीडेंट मौजूद होने के बावजूद डॉ. जैन उनसे मरीजों की जानकारी उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर भेजने के लिए कहते थे. शिकायत में उनके व्यवहार और मरीजों के राउंड पर उनके साथ जाने को मानसिक रूप से असहज करने वाला बताया गया है.

शिकायतों में महिला स्टाफ को असहज करने वाले व्यवहार, देर रात फोन और मैसेज करने, अपने कार्यालय में बुलाकर लंबे समय तक बैठाने या खड़ा रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं. एक अन्य महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि राउन्ड पर जब वो नहीं मिलती थी, या बाथरूम में होती थी तो डॉ. जैन पीछे-पीछे टॉयलेट तक आकर दरबाजा खटखटाते थे.

शिकायत में यह भी कहा गया कि डॉ. जैन कर्मचारियों की निजी जिंदगी और परिवार को लेकर भी टिप्पणियां करते थे. यही नहीं, एक दिन एक फीमेल स्टाफ को उनके सामने वॉमिटिंग जैसा महसूस हुआ तो डॉ. जैन ने पर उसे वार्ड में सबके सामने प्रेगनेंसी टेस्ट कराने के लिए मजबूर करने लगे और मजाक उड़ाया. यह व्यवहार फीमेल स्टाफ को असहज करता था.

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई, नए HOD बनाए गए

RMLIMS नर्सेस संघ की ओर से पूर्व में मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में भी डॉ. जैन के खिलाफ शिकायतों का उल्लेख किया गया था. पत्र में कार्रवाई नहीं होने और कुछ कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए थे. डॉ. जैन पर जानबूझकर अनुसूचित जाति के कर्मचारियों को निशाना बनाने और अपमानजनक भाषा का प्रयोग का आरोप था.

बताया जा रहा है कि मौजूदा शिकायत के बाद संस्थान स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू हुई. शिकायत के कुछ दिनों बाद डॉ. एपी जैन को निलंबित करने का फैसला लिया गया. फिलहाल डॉ. एपी जैन के स्थान पर डॉ. प्रद्युम्न को CVTS विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, अब मामले की विभागीय जांच और आगे की प्रक्रिया पर नजर रहेगी.

Follow Us