लूलू-सिनेपोलिस समेत 7 मॉल्स के 61 फूडकोर्ट पर FSDA का छापा, हाइपर मार्ट पर लगाया ताला; KFC में खराब स्थिति
FSDA की 14 टीमों ने राजधानी के 7 मॉल्स में संचालित 61 प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान लूलू मॉल की डबरू द चाप समेत कई प्रतिष्ठानों खामियां पायी गई हैं.डबरू द चाप का संचालन तो बिना लाइसेंस के ही हो रहा था.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में FSDA ने बड़ी कार्रवाई की है. FSDA की 14 टीमों ने राजधानी के 7 मॉल्स में संचालित 61 प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान लूलू मॉल की डबरू द चाप समेत कई प्रतिष्ठानों खामियां पायी गई हैं.डबरू द चाप का संचालन तो बिना लाइसेंस के ही हो रहा था. इसलिए इसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है. इसी प्रकार लूलू हाईपर मार्केट का लाइसेंस भी मानक के मुताबिक नहीहं मिलने पर इसे बंद करा दिया गया है.
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू विशेष अभियान के तहत अलग अलग टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया है. इसी क्रम में लूलू मॉल, पलासियो, फिनिक्स, सिनेपोलिस, एमराल्ड, वेब और फोनिक्स मॉल के फूड कोर्ट्स में छापेमारी की गई. इसके लिए 14 अलग अलग टीमों का गठन किया गया था. इन सभी टीमों ने सभी स्थानों से वीडियो सबूत जुटाए हैं.
ये मिली खामी
लूलू मॉल के रेस्टोरेंट चिलीज में कई खामियां मिली हैं. इसलिए प्रतिष्ठान को सुधार के निर्देष के साथ चेतावनी दी गई है. यही स्थिति बारबेक्यू नेशन, बीकानेर एक्सप्रेस, गोल्फ सिज्लर और टुंडे कबाबी में भी पायी गई है. वहीं लूलू हाइपर माल में मैन्यूफेक्चरिंग डेट को लेकर गड़बड़ी पायी गई है. वहीं डबरू द चाप का तो लाइसेंस ही नहीं था. इसी क्रम में पलासियो मॉल के कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों को सैंपल लिया गया है.
केएफसी पर बड़ी कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक सिनेपोलिस मॉल में संचालित केएफसी के फूड कोर्ट में अन हाइजनिक स्थिति पायी गई. ऐसे हालात को देखते हुए इस प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से खाद्य कारोबार करने से रोक दिया गया है. वहीं अन्य सभी प्रतिष्ठानों की जांच के बाद उन सभी में जरूरी सुधार के निर्देश के साथ चेतावनी दी गई है.
इनमें स्थिति संतोजनक
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में लूलू मॉल का कोई फूड कोर्ट मानक के अनुरूप नहीं मिला है. हालांकि पलासियो मॉल के पिज्जा हट, ईयर सब और चोको फाउंटेन में स्थिति संतोषजनक मिली है. इसी प्रकार सिनेपोलिस और फन रिपब्लिक मॉल के भी किसी फूड कोर्ट में संतोषजनक स्थिति नहीं मिली है. एमराल्ड के हल्दीराम, मेक डोनाल्ड और वरिस्ता में स्थिति बेहतर रही. फोनिक्स मॉल में भी डोसा प्लेनेट, रेडीकैफे, डोमिनोज और कैफे काफी डे में स्थिति बेहतर मिली है.