लखनऊ से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू, हफ्ते में तीन दिन मिलेगी फ्लाइट

लखनऊ से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है. चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान IX901 ने 80 से अधिक यात्रियों के साथ उड़ान भरी. यह सेवा सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) संचालित होगी. नई फ्लाइट से उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट की परेशानी से राहत मिलेगी.

लखनऊ से अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान शुरू Image Credit:

लखनऊ से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी के लिए अब सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गुरूवार को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपनी नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान का शुभारंभ किया. इस नई सेवा के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और यूएई के बीच हवाई संपर्क को बड़ी मजबूती मिलेगी. खासतौर पर नौकरी, कारोबार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अब अधिक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा.

नई उड़ान सेवा के शुभारंभ के अवसर पर लखनऊ एयरपोर्ट पर एक संक्षिप्त समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई. इसके बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस और चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने प्रथम उड़ान के यात्रियों के साथ केक काटकर इस नई सेवा का स्वागत किया. साथ ही पहले यात्री को प्रतीकात्मक रूप से बोर्डिंग पास सौंपकर उड़ान सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया.

पहली उड़ान में 80 से अधिक यात्रियों ने किया सफर

एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली उड़ान IX901 लखनऊ से अबू धाबी के लिए रवाना हुई. इस उद्घाटन उड़ान में 80 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की. एयरलाइन के अनुसार यह सेवा सप्ताह में तीन दिन— मंगलवार, गुरुवार और शनिवार संचालित की जाएगी. नई उड़ान शुरू होने के साथ ही अब उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अबू धाबी जाने के लिए दूसरे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी.

प्रवासी भारतीयों और कारोबारियों को मिलेगा बड़ा लाभ

संयुक्त अरब अमीरात में उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय रहते और काम करते हैं. विशेष रूप से लखनऊ और आसपास के जिलों के हजारों लोग रोजगार के सिलसिले में यूएई आते-जाते हैं. ऐसे यात्रियों के लिए यह सीधी उड़ान बड़ी राहत लेकर आई है. इसके अलावा यह सेवा व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगी. व्यवसायियों, निवेशकों और उद्यमियों के लिए दोनों देशों के बीच यात्रा आसान होगी.

लखनऊ एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी हुई मजबूत

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लगातार अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार कर रहा है. अबू धाबी के लिए सीधी सेवा शुरू होने से एयरपोर्ट की वैश्विक कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है. एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि प्रदेश के यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. नई उड़ान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए और भी नई सेवाएं शुरू होने की संभावना है.

Follow Us