UP के इन शहरों में होगा मेट्रो का विस्तार, पार्किंग बनाकर खत्म होगा ट्रैफिक जाम; जानें क्या है सरकार का प्लान

उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ, कानपुर और आगरा में ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म करने के लिए मेट्रो विस्तार और नई पार्किंग सुविधाओं पर काम कर रही है. लखनऊ में 170 किमी, कानपुर में 83 किमी और आगरा में 89 किमी मेट्रो का प्रस्ताव है. इसके साथ ही तीनों शहरों में कुल 60 नई पार्किंग बनाई जाएंगी. यह योजना शहरों को जाम मुक्त बनाएगी और सुगम यातायात सुनिश्चित करेगी.

कानपुर मेट्रो (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों में जाम की समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में प्रदेश सरकार ने कवायद शुरू कर दी है. इसी कड़ी में सरकार ने राजधानी लखनऊ, कानपुर व आगरा में मेट्रो रेल सेवा के विस्तार का फैसला किया है. इसी के साथ शहरों में पार्किंग सुविधा देकर सड़क पर अवैध पार्किंग बंद करने की योजना तैयार की गई है. इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार ने समग्र रिपोर्ट तैयार की है. इस रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ में 170 किमी, कानपुर में 83 और आगरा में 89 किमी मेट्रो चलाने का प्रस्ताव है.

इस प्रस्ताव के तहत डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम शुरू कर दिया गया है. यह जानकारी यूपी मेट्रो रेल कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक ने दी. उच्चाधिकारियों की बैठक में उन्होंने बताया कि जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर काम शुरू किया जाएगा. इसमें मेट्रो सेवा के विस्तार के साथ ही उन्होंने स्टेशनों के आसपास कहीं सरफेस पार्किंग तो कहीं मल्टी लेबल पार्किंग का भी खाका खींचा. कहा कि पार्किंग को भी डीपीआर में शामिल किया जाएगा.

इतनी बनेंगी पार्किंग

इस प्रोजेक्ट के मुताबिक लखनऊ में कुल 17 पार्किंग बनाई जाएंगी. इसी प्रकार कानपुर में 24 और आगरा में 19 अतिरिक्त पार्किंग बनाने के लिए जगह चिह्नित किया गया है. यह सभी पार्किंग संबंधित नगर निगम और विकास प्राधिकरणों द्वारा डवलप एवं संचालित की जाएंगी. इससे सड़क पर खड़ी होने वाली गाड़ियों में कमी आएगी और यातायात स्मूथ हो सकेगा. इस संबंध में लखनऊ, कानपुर और आगरा के मंडलायुक्तों को सूचना भेजी गई है. इस सूचना की प्रतिलिप संबंधित आवास, नगर विकास, पर्यटन और परिवहन विभाग को भी भेजा गया है.

कानपुर में हो रहा ट्रॉयल

इसी प्रोजेक्ट के तहत कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो के विस्तारित रूट का ट्रॉयल हो रहा है. चार दिन से चल रहा यह ट्रॉयल पूरा होने के बाद यात्री सेवाएं शुरू होंगी. मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) की चार सदस्यीय तकनीकी टीम ट्रॉयल की निगरानी कर रही है. उम्मीद है कि अगले हफ्ते खुद सीएमआरएस आएंगे. उनकी रिपोर्ट के बाद सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो में यात्री सेवाएं शुरू हो जाएंगी.

Follow Us