मनोज बाजपेयी की वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ विवादों में घिरी; डायरेक्टर पर लखनऊ में FIR दर्ज
मनोज बाजपेयी की 'घूसखोर पंडत' वेबसीरीज नेटफ्लिक्स पर प्रसारित की जानी है. लेकिन उससे पहले ही यह विवादों में घिर चुकी है. इस सीरीज के डायरेक्टर और उनकी टीम के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
वेबसीरीज ‘घूसखोर पंडत’ अभी रिलीज भी नहीं हुई, लेकिन उससे पहले ही विवादों में घिर गई है. इस सीरीज को बैन करने के लिए विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हो गई है. इन सबके बीच लखनऊ के हजरतगंज थाने में इस सीरीज के निर्देशक के खिलाफ समाज में सौहार्द खराब करने , जातिगत भावनाएं आहत करने और शांति भंग के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर लिया गया.
विवादित वेब सीरीज के खिलाफ विक्रम सिंह (प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हजरतगंज) ने खुद ही संज्ञान लिया है. हजरतगंज पुलिस ने कहा कि सीएम योगी के निर्देश है, जो भी सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने और धार्मिक/जातिगत भावनाओं को आहत करें उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. घूसखोर पंडत सीरीज के निर्देशक पर मुकदमा भी उसी निर्देश के आधार पर किया गया है.
सीरीज पर विशेष समुदाय को अपमानित करने का लग रहा आरोप
बता दें कि ‘घूसखोर पंडत; वेबसीरीज नेटफ्लिक्स पर प्रसारित की जानी है. इस सीरीज को लेकर आरोप लग रहा है कि इसका शीर्षक एक विशेष समुदाय/जाति (ब्राह्मण) को लक्षित कर अपमानित करने के उद्देश्य से रखा गया है. इसको लेकर ब्राह्मण संगठनों में भारी गुस्सा है. संगठनों ने इस सीरीज के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दे दी है.
विक्रम सिंह ने क्या बताया?
विक्रम सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि डायरेक्टर और उनकी टीम समाज में वैमनस्यता फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने और सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से इस सीरीज को प्रसारित करने जा रही है. ऐसे में तथ्यों एवं संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए सीरीज के डायरेक्टर और उनकी टीम के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है.
शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी
विक्रम सिंह ने आगे कहा कि किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने या शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई एवं विवेचना की जा रही है.
