90 मुकदमें, 10 साल का आतंक… यूपी की शामली पुलिस ने दिल्ली के कुख्यात बदमाश रेहान को ऐसे किया ढेर
शामली पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले 50 हजार के इनामी बदमाश रेहान को ढेर कर दिया. रेहान पर कुल 90 मुकदमें रहे हैं. उसने 10 साल से यूपी, दिल्ली और हरियाणा के कई जिलों में आतंक मचा रखा. वह याहिया गैंग के साथ मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था.
यूपी की शामली पुलिस ने दिल्ली के कुख्यात बदमाश रेहान को एनकाउंटर में मार गिराया. रेहान महिलाओं से सोने के आभूषण लूटने का था एक्सपर्ट माना जाता था. पुलिस ने उसपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. एनकाउंटर से 3 घंटे पहले भी उसने अपने साथी के साथ एक व्यक्ति से नकदी और मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले में चेकिंग अभियान चलाया था.
सरेंडर करने को कहा तो उल्टे कर दी फायरिंग
रात 12 बजे दोनों बदमाशों को पुलिस ने झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग घेर लिया. पुलिस ने दोनों को सरेंडर करने के लिए कहा. लेकिन आरोपियों ने फायरिंग कर दी. इस दौरान कांस्टेबल सुमित गोली लगने से घायल हो गए. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. इस कार्रवाई के दौरान रेहान गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा. हालांकि, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया. पुलिस तुरंत रेहान को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
रेहान पर दर्ज थे 90 मुकदमें
बता दें कि रेहान दिल्ली के जाकिर नगर, न्यू ओखला का रहने वाला था. उसपर कुल 90 मुकदमें दर्ज थे. सबसे अधिक 49 मुकदमे दिल्ली में, फिर गाजियाबाद में 28. इसके अलावा शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में भी लूट, चोरी और जानलेवा हमले कई सारे एफआईआर दर्ज थे.
पुलिस ने मौके से और बदमाश के कब्जे से 01 पिस्टल (Beretta Made in Italy 32 बोर), 01 देशी पिस्टल .32 बोर, 08 जिंदा कारतूस, 07 खोखा कारतूस, काली स्प्लेंडर बाइक बिना नंबर प्लेट, लूटा गया ओप्पो मोबाइल, 02 अन्य मोबाइल, 02 अंगूठियां और लूटी गई नगदी बरामद की है.
10 साल से मचा रखा था आतंक
रिहान अंसारी ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आतंक मचा रखा था. वह 10 सालों से अपराध की दुनिया में सक्रिय था. वह अपने गैंग का सरगना भी बताया जाता है. वह याहिया गैंग के संपर्क में था. उनके साथ ही मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था.
अपराधियों के खिलाफ सख्त यूपी पुलिस
बता दें उत्तर प्रदेश पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त है. वह अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है. यही वजह है कि बदमाशों के लगातार एनकाउंटर की खबरें निकल कर सामने आ रही है. पुलिस पिछले कुछ महीने में कई कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है.
