थम गई मानसून की रफ्तार, UP में कुछ दिनों तक फिर लौटी गर्मी; देखें IMD का अपडेट
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार थम गई है, जिससे गर्मी वापस लौटती नजर आ रही है. IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्से शुष्क रहेंगे और बारिश की संभावना कम है. हालांकि, 17 जुलाई के बाद हल्की बारिश का अनुमान है. धान की रोपाई के बीच बारिश न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
अभी धरती की प्यास बुझी भी नहीं, इधर, उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार थम गई है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज मंगलवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्से के कुछ जिलों में हल्की फुल्की बारिश हो सकती है. बाकी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक या कहें किसी नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने तक बनी रह सकती है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, पछुआ हवा चलने लगी है.
इसकी वजह से अगले कुछ दिनों में बारिश होने की संभावना ना के बराबर है. मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के उत्तरी हिस्से में ठीक-ठाक बारिश दर्ज हुई थी. सर्वाधिक 130 मिमी बारिश यूपी के महराजगंज में हुई है. इसी प्रकार नोएडा-गाजियाबाद में भी आंधी पानी के साथ हल्की बारिश हुई. वहीं अब तेज धूप निकलने लगी है. इसकी वजह से तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना प्रबल हो गई है.
आज बारिश का कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक आज मंगलवार को प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. प्रदेश के उत्तरी हिस्से में कहीं कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. बाकी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. लखनऊ से नोएडा तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 17 जुलाई के बाद एक बार फिर बारिश की संभावना दिख रही है.
किसानों की बढ़ी चिंता
उत्तर प्रदेश में धान की रोपाई का समय चल रहा है. पिछले दिनों हुई कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश के बीच काफी किसानों ने रोपाई कर भी ली है, लेकिन ज्यादातर किसान अभी खेत ही तैयार कर रहे हैं. ऐसे में बारिश बंद होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगी हैं. आईएमडी के मुताबिक, 18 और 19 जुलाई से मौसम में एक बार फिर बदलाव हो सकता है. इन दोनों दिनों में प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है.