लखनऊ बनेगी नेवी की शौर्य पहचान, राजनाथ सिंह-CM योगी आज करेंगे ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण

लखनऊ में 'नौसेना शौर्य वाटिका' का 30 मई को राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे. यह वाटिका भारतीय नौसेना के पराक्रम और तकनीकी क्षमता को समर्पित है, जिसमें सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती मुख्य आकर्षण होगा. यह पर्यटकों को नौसेना के इतिहास और समुद्री सुरक्षा की जानकारी देगा.

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तैयार ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का आज यानी 30 मई को भव्य लोकार्पण होने जा रहा है. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे. यह वाटिका भारतीय नौसेना के पराक्रम और तकनीकी क्षमता को समर्पित है, जिसमें सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती मुख्य आकर्षण होगा.

सीजी सिटी में तैयार यह वाटिका योगी सरकार की तरफ से प्रदेशवासियों के लिए तोहफे के रूप में देखी जा रही है. यह संग्रहालय भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा. ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव जगाएगा. साथ ही पर्यटकों को नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, तकनीकी दक्षता और समुद्री सुरक्षा की जानकारी भी देगा.

2022 को सेवा से रिटायर हुआ था INS गोमती

नौसेना शौर्य वाटिका में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त युद्धपोत आईएनएस गोमती स्थापित किया गया है, जो कि आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा. यह युद्धपोत 28 मई 2022 को सेवा से रिटायर हुआ था. वहीं, वाटिका में नौसेना के हथियार और उपकरण भी प्रदर्शित होंगे. इसमें AK-726 मीडियम रेंज गन, पनडुब्बी अवरोधक, लॉन्चर, प्रोपेलर समेत कई उपकरण शामिल हैं.

यह परियोजना भारतीय नौसेना और यूपी पर्यटन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से विकसित किया जा रहा है. वाटिका अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम और इंटरप्रिटेशन सेंटर के रूप में तैयार की गई है. साथ ही यह पर्यटकों, खासकर बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति और रक्षा सेवाओं के प्रति आकर्षण बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

उत्तर भारत का होगा पहला नौसेना संग्रहालय

बता दें कि, लखनऊ की सीजी सिटी में तैयार यह वाटिका उत्तर भारत का पहला रक्षा एवं समुद्री विरासत संग्रहालय परिसर होगा. इस संग्रहालय की मुख्य इमारत को एक जहाज की तरह डिजाइन किया गया है. इस परियोजना को करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जहां लोग नौसेना के इतिहास और विमानों को करीब से देख पाएंगे.

Follow Us