क्यों लड़ बैठे NDA के सहयोगी? राजभर का अतरौलिया से लड़ने का ऐलान, निषाद ने सिखाई मर्यादा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2026 से पहले NDA के सहयोगी दलों- ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ गया है. राजभर के अतरौलिया से चुनाव लड़ने के ऐलान पर निषाद पार्टी ने आपत्ति जताई है, क्योंकि यह सीट पिछले चुनाव में उन्हें मिली थी. निषाद ने इसे गठबंधन की मर्यादा के खिलाफ बताया है, जबकि भाजपा अभी तक चुप है.

ओमप्रकाश राजभर और संजय निषाद

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश सरकार में सहयोगी दल भी इस दौड़ में पीछे नहीं हैं. इसी क्रम में पिछले दिनों सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आजमगढ़ की अतरौलिया सीट से लड़ने का ऐलान किया था. हालांकि उनके ऐलान पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने पलटवार किया है.

संजय निषाद ने ओम प्रकाश राजभर को मर्यादा का पाठ पढ़ाया. कहा कि अभी इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है. उन्हें इस तरह का ऐलान करने से पहले हमसे बात करनी चाहिए थी. बिना चर्चा के सार्वजनिक ऐलान करना मर्यादा के खिलाफ है. निषाद ने तल्ख लहजे में आगे कहा कि हम अनुशासित लोग हैं और भगवान राम की मर्यादा को मानते हैं. लेकिन यदि हम भी उनकी सीटों पर इसी तरह घोषणा करने लगें तो उन्हें कैसा लगेगा?

निषाद पार्टी को मिली थी अतरौलिया सीट

एनडीए के सहयोगी दलों में शुरू हुए इस विवाद की जड़ पिछले चुनाव में छिपी है. दरअसल 2022 के विधानसभा चुनावों में अतरौलिया सीट गठबंधन के तहत निषाद पार्टी को मिली थी. यहां से निषाद पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत सिंह चुनाव लड़े थे. संजय निषाद का तर्क है कि जो सीटें उनके पास हैं, उन पर राजभर का दावा करना अनुचित है. राजभर ने सिर्फ अतरौलिया ही नहीं, बल्कि दीदारगंज सीट पर भी नजर गड़ाई है. पिछली बार यह सीट भी निषाद पार्टी के ही खाते में थी. राजभर खुद अतरौलिया से लड़ेंगे और बेटे दीदारगंज, जहूराबाद या सिकंदरपुर से लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं.

खारिज किया राजभर का दावा

एनडीए में सहयोगी संजय निषाद ने राजभर के दावों को पूरी तरह खारिज किया. याद दिलाया कि NDA गठबंधन में सीटों का अंतिम फैसला बड़ी पार्टी यानी भाजपा ही करती है. उन्होंने कहा कि हम लोग इस तरह सार्वजनिक ऐलान नहीं कर सकते. गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर वर्तमान में गाजीपुर जिले की जहूराबाद सीट से विधायक हैं. अब वे आजमगढ़ क्षेत्र में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं.

Follow Us