अखिलेश की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट; पूर्व मंत्री बोले- जब बीजेपी वालों पर बात आती है तो छाती पीटकर रोने लगते हैं

अखिलेश यादव की बेटी अदिति को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बवाल काफी बढ़ गया है. सपा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली में शिकायत देकर इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. वहीं, सपा नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय (पवन पांडेय) ने कहा कि जब खुद बीजेपी वालों पर बात आती है तो वे छाती पीटकर रोने लगते हैं.

अखिलेश की बेटी अदिति पर आपत्तिजनक पोस्ट Image Credit:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर अनर्गल और आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला अब तूल पकड़ चुका है. इससे सपाई बेहद नाराज हैं. सपा नेताओं ने ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

राजीव राय ने कहा-यह मानसिक विक्षिप्ता का उदाहरण

घोसी सीट से सासंद राजीव राय ने अदिति यादव पर हो रहे आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यूपी पुलिस को घेरा है. उन्होंने कहा कि यह राजनीति का सबसे घटिया स्तर है, साथ ही मानसिक विक्षिप्ता का उदाहरण है. अखिलेश यादव की बेटी के बारे में भद्दे और गंदे पोस्ट किए जा रहे हैं, लेकिन यूपी पुलिस ने अब तक इसपर कोई कार्रवाई नहीं की है क्योंकि वह किसी बीजेपी के नेता की बेटी नहीं हैं. शर्म करो.

पवन पांडे बोले- अखिलेश के परिवार को निशाना बनाना घटिया राजनीति

सपा नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय (पवन पांडेय) ने अदिति यादव पर किए जा रहे अनर्गल टिप्पणियों के पीछे बीजेपी का हाथ बताया है. उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी को लेकर सवाल किया तो बीजेपी के नेताओं ने तथ्यात्मक जवाब देने की बजाय व्यक्तिगत हमले का रास्ता अपनाया. अखिलेश यादव की परिवार को निशाना बनाया जाना घटिया राजनीति है.

बीजेपी वालों पर बात आती है तो छाती पीटने लगते हैं-पवन पांडे

पवन पांडे ने आगे कहा कि अदिति यादव पर आपत्तिजनक कमेंट प्रदेश की हर बेटी, बहन और मां के सम्मान पर चोट है और बीजेपी की दोहरी चरित्र की राजनीति है. बीजेपी मंचों से नारी सम्मान के नारे लगाती है. पर्दे के पीछे महिलाओं की गरिमा को राजनीति का हथियार बनाया जाता है. जब खुद पर बात आती है तो छाती पीटकर रोने लगते हैं.

सपा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दी

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओ ने अदिति यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दी है. ऐसा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा. इस मामले से संबंधित सारे सबूत और सोशल मीडिया के स्क्रीनशॉट्स हमारी तरफ से पुलिस को सौंपे जा चुके हैं.

रित्र पर कीचड़ उछालना कायरों की शान-आनंद भदौरिया

वहीं, सीतापुर से सपा सांसद आनंद भदौरिया ने भी बीजेपी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि चरित्र पर कीचड़ उछालना कायरों की शान है, बेटियों का सम्मान करना भारत की पहचान है. जो मनगढ़ंत कहानियों से बेटियों को बदनाम करना चाहते हैं, उन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा. उसका परिणाम भुगतना होगा.

दोहरे चाल चरित्र वाले ऐसा ही करते हैं-फखरूल हसन चांद

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरूल हसन चांद ने भी अदिति यादव पर हो रही आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर बीजेपी पर करारा वार किया है. उन्होंने कहा कि दोहरे चाल चरित्र और चेहरे वाले दल के लोग जैसे ही किसी मुद्दे में फंसते हैं तो राजनीति के सबसे निचले स्तर पर उतर आते हैं.समाजवादी परिवार के सदस्य अमर्यादित टिप्पणी करने लगते हैं.

Follow Us