क्या अखिलेश चाचा शिवपाल का टिकट काट देंगे? ओपी राजभर का दावा

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आगामी चुनाव में अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव का टिकट काट सकते हैं. राजभर ने कहा कि सपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और पार्टी में असंतोष बढ़ रहा है.

सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर एक और बड़ा दावा किया है. राजभर ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव का विधानसभा चुनाव का टिकट काट सकते हैं. गौरतलब है कि शिवपाल सिंह यादव, जसवंतनगर सीट से लगातार छठवीं बार विधायक हैं.ॉ

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल यादव को टिकट नहीं देंगे. राजभर ने इसे परिवार और पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान से जोड़ते हुए बड़ा राजनीतिक संकेत बताया. उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के अंदर कई नेता असंतुष्ट हैं और आने वाले समय में पार्टी के भीतर बड़ा घटनाक्रम हो सकता है.

पहले भी कर चुके हैं कई दावे

यह पहला मौका नहीं है जब राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया हो. इससे पहले उन्होंने कहा था कि सपा में बड़ी टूट हो सकती है और पार्टी के कई नेता अलग रास्ता अपना सकते हैं. राजभर ने कहा था कि शीतकालीन सत्र से पहले सपा के दो तिहाई सांसद टूट जाएंगे और इसकी अगुवाई बागी बलिया का लाल करेगा. दूसरी ओर अखिलेश यादव इन दावों को लगातार खारिज करते रहे हैं और कहते रहे हैं कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है.

शिवपाल-अखिलेश रिश्तों पर फिर चर्चा

राजभर के बयान के बाद एक बार फिर अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के राजनीतिक रिश्तों को लेकर चर्चा तेज हो गई है. दोनों नेताओं के बीच अतीत में मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आए थे, हालांकि बाद में शिवपाल यादव दोबारा समाजवादी पार्टी के साथ आ गए और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं. फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से राजभर के इस नए दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Follow Us