क्या पाकिस्तान-फिलस्तीन कनेक्शन के चलते आयुष बन गया रहमान? पुलिस की रडार पर कई मौलाना
शामली के दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक का इस्लाम धर्म अपनाने का मामला तूल पकड़ते ही जा रहा है. जहां आयुष के पिता उसकी पत्नी चांदनी कुरैशी पर अपने बेटे का जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगा रहे हैं. वहीं, आयुष का कहना है कि उसने मर्जी से इस्लाम कबूल किया. अब पुलिस इस मामले में आयुष के पाकिस्तान और फिलीस्तीन कनेक्शन की भी जांच कर रही है.
शामली के दवा कारोबारी देवराज मलिक के इकलौते पुत्र आयुष मलिक के इस्लाम धर्म अपनाने के मामले में पुलिस की जांच अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है. आयुष के पाकिस्तानी यूट्यूबर डॉक्टर इसरार और फलस्तीन कनेक्शन की छानबीन की जा रही है. गाजियाबाद, दिल्ली और शामली के कई मौलवियों को पुलिस ने रडार पर ले लिया है.
पुलिस और खुफिया एजेंसियों की टीमों को संदेह है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्तिगत धर्मांतरण नहीं, बल्कि बड़े स्तर का संगठित धर्मांतरण रैकेट का हिस्सा हो सकता है. एसपी एनपी सिंह ने एसआईटी समेत कई टीमों का गठन किया है. एलआईयू और खुफिया विभाग भी सक्रिय हैं. पुलिस ने आयुष की पत्नी चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन मौलवियों समेत कुल नौ आरोपियों की तलाश जारी है.
आयुष का दावा- मैंने अपनी मर्जी से इस्लाम अपनाया
मीडिया से बातचीत में आयुष मलिक उर्फ रहमान ने साफ कहा है कि ‘मेरा जबरन धर्मांतरण नहीं हुआ. मैंने 2008 से ही इस्लाम का अनुसरण शुरू कर दिया था. अपनी तीनों बहनों की शादी के बाद ही परिवार को बताया. चार साल पहले दिल्ली में चांदनी कुरैशी से निकाह किया.
आयुष मलिक उर्फ रहमान ने ब्रेनवॉश के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि अगर ब्रेनवॉश होता तो मैं माता-पिता को भूल जाता, लेकिन ऐसा नहीं है. दोनों परिवार मेरे अपने हैं. दाढ़ी रखने पर उन्होंने कहा कि यह इस्लाम की सुन्नत है और सभी नबियों ने दाढ़ी रखी थी. आयुष ने पाकिस्तानी डॉक्टर इसरार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी स्पीच आपसी मोहब्बत और प्रेम का संदेश देती है.
पाकिस्तान-फलस्तीन एंगल
पूछताछ में आयुष ने बताया कि वह पाकिस्तान के डॉक्टर इसरार के यूट्यूब चैनल पर नियमित रूप से स्पीच सुनता था. उसने फिलस्तीन का भी जिक्र किया. पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स, संभावित फंडिंग और संपर्कों की गहन जांच कर रही है.देवराज मलिक ने पुलिस में तहरीर दी है कि चांदनी कुरैशी ने प्रेम जाल में फंसाकर उनके बेटे का धर्मांतरण कराया और संपत्ति हड़पने की साजिश रची.
ऐसे आया यह मामला सामने
चार दिन पहले जिला मुजफ्फरनगर के बघरा स्थित योग साधना आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर इस मामले को उठाया था. उन्होंने 12 जून को कुरैशी बस्ती में हिंदू महापंचायत बुलाने की घोषणा की है.पुलिस इस पूरे मामले को संवेदनशीलता से देख रही है. एसपी एनपी सिंह ने भरोसा दिलाया कि रैकेट में शामिल सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.