लखनऊ: बिजली प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सख्त, 31 उपकेंद्रों पर होगी पुलिस-PAC की तैनाती
लखनऊ में गहराते बिजली संकट को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं. बिजली उपकेंद्रों पर प्रदर्शन और सड़कों को जाम किया जा रहा है. इसको देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. 31 संवेदनशील उपकेंद्रों पर पुलिस-पीएसी तैनात की गई है. साथ ही लोगों से AC 25-26°C पर चलाने की अपील की है.
राजधानी लखनऊ में बढ़ते बिजली संकट और लोगों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बरतने का फैसला किया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर 31 संवेदनशील बिजली उपकेंद्रों पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की जाएगी. साथ ही तकनीकी कर्मियों को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक अलर्ट रखा जाएगा, जो शिकायतों का तुरंत निपटारा करेंगे.
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MD) रिया केजरीवाल के साथ जिलाधिकारी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में यह फैसला लिया गया. बैठक में निदेशक और सभी मुख्य अभियंता भी शामिल हुए. साथ ही प्रदर्शनकारियों पर भी FIR होगी. प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि बिजली संकट के बीच कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बिजली बचत की अपील, AC 25-26°C पर चलाएं
एमडी रिया केजरीवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली की बचत करें और एयर कंडीशनर को 25 से 26 डिग्री सेल्सियस पर ही चलाएं. उन्होंने कहा कि निदेशक और मुख्य अभियंता रात में गश्त करेंगे और स्थिति सामान्य होने तक निगरानी रखेंगे. बिजली चोरी वाले क्षेत्रों में विजिलेंस टीम के साथ चेकिंग अभियान तेज करने के भी निर्देश हैं.
इन बिजली उपकेंद्रों पर तैनात होगी PAC-पुलिस
गोमती नगर जोन में लौलाई, शिवपुरी, सेक्टर-5, सेक्टर-14 ओल्ड, कल्याणपुर बिजली उपकेंद्र. अमौसी जोन में
उतरेटिया ओल्ड, उतरेटिया न्यू, अंबेडकर विश्वविद्यालय, चंदर नगर, न्यू आलमबाग प्रथम, इन्द्रलोक, एफसीआई, काकोरी, दुबग्गा, शकुंतला मिश्रा, शारदा नगर, गोसाईगंज, मोहनलालगंज ओल्ड पर सुरक्षा तैनात की जाएगी.
वहीं, लखनऊ मध्य जोन में आरडीएसओ, राजाजीपुरम न्यू, अपट्रान, नूरबाड़ी स्विचिंग, आजादनगर, चौपटिया, मेहताबबाग, अमीनाबाद ओल्ड, जीटीआई, अर्जुनगंज जबकि जांकनीपुरम जोन में फैजुल्लागंज, अहिबरनपुर, प्रियदर्शिनी और न्यू कैंपस बिजली उपकेंद्रों पर PAC-पुलिस की तैनात होगी.
MD ने दो पर लिया एक्शन, CM कल करेंगे बैठक
यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के एमडी मयूर माहेश्वरी ने इस बीच 2 लोगों पर कार्यवाही की है. अधिशासी अभियंता पारेषण गाजियाबाद को निलंबित किया है. वहीं, अधिशासी अभियंता पारेषण पश्चिम को मेरठ मुख्यालय से अटैच किया है. वहीं, सीएम योगी भीषण गर्मी और बिजली कटौती पर कल सुबह 10.30 बजे बड़ी समीक्षा बैठक करने वाले हैं.
इस बैठक में बिजली आपूर्ति, फॉल्ट, ट्रिपिंग और अफसरों की जवाबदेही पर चर्चा होगी. उधर बिजली संकट के विरोध में शुक्रवार को पीजीआई थाने में 150 अज्ञात लोगों पर अराजकता फैलाने, सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है. पुलिस ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.