‘साईकिल का ठिकाना नहीं था, आज कई संपत्ति है’, राम मंदिर दान विवाद पर बोले महंत कमल नयन दास

अयोध्या में राम मंदिर में दान को लेकर उठे विवाद के बीच महंत कमल नयन दास ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि दान राशि या मंदिर से जुड़े किसी मामले में अनियमितता हुई है तो उसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. महंत कमल नयन दास ने कहा कि राम मंदिर और राष्ट्र दोनों सर्वोपरि हैं तथा श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान की पारदर्शिता सुनिश्चित होना जरूरी है.

राम मंदिर के दान में धांधली का आरोप लगा है Image Credit: फाइल फोटो

अयोध्या के राम मंदिर में दान पर बवाल बीच अब राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े संतों की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है. ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि सरकार किसी भी दोषी को नहीं बख्शेगी.

दरअसल, पिछले दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चंदे में गबन का आरोप लगाया था. इसके बाद राम मंदिर निर्माण और दान राशि को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अयोध्या में महंत कमल नयन दास ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि उन्हें आरोपों की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, हमारे लिए राष्ट्र और राम मंदिर दोनों सर्वोपरि हैं.

‘आज बड़ी-बड़ी संपत्तियों के मालिक बन गए’

महंत कमल नयन दास ने कहा, ‘जो दोषी पाया जाए उसको दंड मिलना चाहिए.. जांच होनी चाहिए और दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए. महंत कमल नयन दास ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि समाज में ऐसे कई लोग हैं जिनकी आर्थिक स्थिति पहले साधारण थी, लेकिन आज उनके पास बड़ी-बड़ी संपत्तियां और भवन हैं. उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय होना चाहिए कि आखिर यह संपत्ति कहां से आई.

‘पैसा कहां से आया, इसकी जांच होनी चाहिए’

महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने कहा कि पूरे समाज को इस मामले की सच्चाई जानने का अधिकार है और यदि कहीं भी भ्रष्टाचार हुआ है तो उसे उजागर किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘जिसकी साइकिल पर चलने का ठिकाना नहीं था, आज बड़ी-बड़ी बिल्डिंग बन गई हैं… पैसा कहां से आया, इसकी जांच होनी चाहिए. महंत कमल नयन दास ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ईमानदारी पर भरोसा जताया.

‘कहीं कोई गड़बड़ी होगी तो कार्रवाई जरूर’

महंत कमल नयन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शने वाले नहीं हैं और यदि जांच में कोई दोषी निकलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी. उन्होंने बताया कि राम मंदिर में भक्तों ने श्रद्धा के साथ सोना, चांदी और करोड़ों रुपये का दान दिया है, ऐसे में दानदाताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए पूरी पारदर्शिता जरूरी है, हमें विश्वास है कि मुख्यमंत्रीजी ईमानदार हैं, अगर कहीं कोई गड़बड़ी होगी तो कार्रवाई जरूर होगी.

न्यायिक जांच की मांग

महंत कमल नयन दास ने न्यायिक जांच की मांग भी उठाई. उनका कहना है कि लगातार लग रहे आरोपों से राम मंदिर और संत समाज की छवि प्रभावित हो रही है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच सामने आ सके. उन्होंने यह भी कहा कि 19 तारीख से शुरू होने वाले महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान संत समाज के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की जाएगी.

Follow Us