UP में आने वाली है शिक्षकों की बड़ी भर्ती, बेसिक शिक्षा विभाग देगा 60 हजार लोगों को सरकारी नौकरी

उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बेसिक शिक्षा विभाग, परिषदीय स्कूलों में करीब 60 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी कर रहा है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का ई-अधियाचन पोर्टल शुरू होने के बाद रिक्त पदों का विवरण भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. नगर क्षेत्र में 11,508 और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 48 हजार पद खाली बताए जा रहे हैं.

60 हजार पदों के लिए निकलेगी वैकेंसी Image Credit: प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों में करीब 60 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी तेज कर दी है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का ई-अधियाचन पोर्टल शुरू होने के बाद अब रिक्त पदों का ब्यौरा आयोग को भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. खास बात यह है कि 2018 के बाद पहली बार इतनी बड़ी भर्ती की उम्मीद जगी है.

दरअसल, उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में वर्षों से खाली पड़े शिक्षकों के पद अब भरने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं. बेसिक शिक्षा विभाग करीब 60 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी में जुट गया है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का ई-अधियाचन पोर्टल सक्रिय होने के बाद विभाग रिक्त पदों का पूरा विवरण आयोग को भेजने की प्रक्रिया में है. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक नगर क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों के 11 हजार 508 पद खाली हैं.

ग्रामीण क्षेत्र में करीब 48 हजार पद रिक्त

इनका अधियाचन पहले ही आयोग को भेजी जा चुकी है. वहीं ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में करीब 48 हजार पद रिक्त बताए जा रहे हैं. इन पदों का अधियाचन ऑनलाइन माध्यम से आयोग को भेजने की तैयारी चल रही है. इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि पहली बार शिक्षक भर्ती परीक्षा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग आयोजित करेगा. इससे पहले यह जिम्मेदारी परीक्षा नियामक प्राधिकारी यानी पीएनपी के पास थी.

2018 के बाद से नहीं हुई शिक्षकों की बड़ी भर्ती

आयोग के गठन के बाद अब शिक्षक चयन की पूरी प्रक्रिया एकीकृत और पारदर्शी व्यवस्था के तहत संचालित होगी. ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए आखिरी बड़ी शिक्षक भर्ती वर्ष 2018 में हुई थी. इसके बाद नई भर्ती नहीं निकाली गई. वहीं नगर क्षेत्र के विद्यालयों में भी लंबे समय से नियुक्तियां नहीं होने के कारण शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है. ऐसे में छह साल बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना से लाखों अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है.

हालांकि भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले विभाग कुछ महत्वपूर्ण औपचारिकताएं पूरी कर रहा है. इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत कम छात्र संख्या वाले स्कूलों में शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया जारी है. अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त पदों की अंतिम संख्या तय होगी और फिर आयोग को अधियाचन भेजा जाएगा.

महाविद्यालयों से भी खाली पद का डिटेल मांगा गया

सिर्फ बेसिक शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि सहायता प्राप्त यानी एडेड माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में खाली शिक्षकीय पदों का विवरण भी चयन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है. इससे आने वाले समय में शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों में बड़े पैमाने पर भर्ती का रास्ता साफ हो सकता है. लाखों प्रशिक्षित अभ्यर्थी लंबे समय से नई शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में करीब 60 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी युवाओं के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है.

Follow Us