स्नैचिंग में अरेस्ट हुआ शाहरूख, छोटा शकील का गुर्गा बन दी थी सलमान के पिता को धमकी; दर्ज हैं इतने मुकदमे
लखनऊ पुलिस ने कुख्यात बदमाश शाहरूख को चेन लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया है. 25 हजार के इनामी शाहरूख पर 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसने 2018 में सलमान खान के पिता सलीम खान को छोटा शकील का गुर्गा बनकर धमकी दी थी. पुलिस ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है.
उत्तर प्रदेश में लखनऊ पुलिस ने कुख्यात बदमाश मो. शाहरूख को अरेस्ट कर लिया है. 20 से अधिक मुकदमों में वांछित 25 हजार के इस इनामी बदमाश की गिरफ्तारी एक महिला का चेन लूटने के मामले में हुई है. आरोपी ने छह मई को इंदिरानगर इरम कॉन्वेंट स्कूल के पास इस वारदात को अंजाम दिया था. प्रयागराज के शाहगंज निवासी इस बदमाश को लखनऊ की गाजीपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बंधा रोड मजार के पास से अरेस्ट किया है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद इस बदमाश को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक यह बदमाश बचपन में ही आपराधिक गतिविधयों में शामिल हो गया था. हालांकि पहली बार यह साल 2018 में सुर्खियों में आया था. एक्टिव के शौक के चलते मुंबई गए इस बदमाश को जब कहीं काम नहीं मिला था तो नवंबर 2018 में इसने अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके पीए को फोन कर धमकी दी थी. इन्हें धमकाते हुए आरोपी ने खुद को डॉन छोटा शकील का गुर्गा बताया था. एक बार आरोपी ने खुद को डीजीपी बताकर भी उन्हें फोन किया था. हालांकि इस मामले में मुंबई पुलिस ने इसे अरेस्ट भी किया था.
जेल से छूटने के बाद बना बड़ा बदमाश
सलीम खान को धमकाने के मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने 15 नवंबर 2018 को मुकदमा दर्ज किया और दो दिन बाद 17 नवंबर को उसे अरेस्ट कर जेल भेज दिया था. हालांकि एक साल के अंदर ही यह बदमाश जमानत पर बाहर आया गया. इसके बाद 8 जून 2019 को व्यापारी हमदान और 15 मार्च 2020 को फराज पर जानलेवा हमला किया था. इसी के साथ इस बदमाश ने कई और बड़ी वारदातों को अंजाम दिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था.
20 से अधिक मुकदमों में वांछित
पुलिस के मुताबिक इस बदमाश ने अप्रैल 2020 में प्रयागराज के करेली स्थित अकबरनगर लूटकांड को अंजाम दिया था. इस मामले में पुलिस ने इसका एनकाउंटर भी किया था. फिर जुलाई 2023 में इसकी कार में रिवाल्वर लहराते तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हुई थी. लखनऊ पुलिस के मुताबिक इस बदमाश के खिलाफ प्रयागराज के धूमनगंज, शाहगंज, करेली समेत कई अन्य थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, बमबाजी आदि के 20 से अधिक मुकदमे लंबित हैं. लखनऊ में भी इसने कई वारदातों को अंजाम दिया है.