लखनऊ अग्निकांड: SIT ने बढ़ाया जांच का दायरा, रडार पर आ गए LDA के 50 से अधिक अफसर

अलीगंज अग्निकांड की जांच तेज हो गई है. इसी के साथ जांच का दायरा भी अब काफी बड़ा हो गया है. अग्निकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लखनऊ विकास प्राधिकरण के 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को जांच के दायरे में ले लिया है.

सांकेतिक तस्वरी Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अलीगंज अग्निकांड की जांच तेज हो गई है. इसी के साथ जांच का दायरा भी अब काफी बड़ा हो गया है. अग्निकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लखनऊ विकास प्राधिकरण के 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को जांच के दायरे में ले लिया है. अब वर्ष 2014 से 2026 के बीच संबंधित क्षेत्र में तैनात रहे अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच की जाएगी.
सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी ने एलडीए से पिछले 12 वर्षों में संबंधित जोन में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सेवा विवरण मांगा है. एलडीए प्रशासन सभी संबंधित अधिकारियों की सूची तैयार कर जल्द ही एसआईटी को उपलब्ध कराएगा. जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि भवन के निर्माण, मानचित्र स्वीकृति, उपयोग परिवर्तन, निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कहीं नियमों की अनदेखी या लापरवाही तो नहीं हुई.
मौजूदा अधिकारियों के दर्ज होंगे बयान
जांच के अगले चरण में वर्तमान में तैनात एलडीए अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे. उनसे भवन से जुड़े अभिलेखों, निरीक्षण रिपोर्ट, नोटिस, कार्रवाई और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी. इसके बाद उन अधिकारियों को भी तलब किया जाएगा, जो वर्ष 2014 से 2026 के बीच इस क्षेत्र में तैनात रहे थे. 20 अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है.
पूर्व अधिकारियों से होगी पूछताछ
एसआईटी का मानना है कि पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए केवल वर्तमान अधिकारियों से पूछताछ पर्याप्त नहीं होगी. इसलिए पूर्व में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है. ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यदि भवन में अनियमितताएं थीं तो समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई. एसआईटी पहले ही फॉरेंसिक, अग्निशमन, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों से दस्तावेज जुटा चुकी है. अब फोकस प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने पर है.

Follow Us