लखनऊ की आग में खाक हुई 1200 झुग्गियां, पटाखे की तरह फटे सिलिंडर; दिल्ली तक गूंज

लखनऊ के विकासनगर में भीषण अग्निकांड ने करीब 1200 झुग्गियों को खाक कर दिया. 100 से अधिक गैस सिलिंडर फटने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई. आग बुझाने में देरी और अफरा-तफरी से हालात और बिगड़े. डीजी फायर, डीएम सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे. वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने राहत कार्यों का जायजा लिया.

लखनऊ में लगी भीषण आग Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-12, रिंग रोड के किनारे बसी अवैध झुग्गियों में बुधवार को लगी भीषण आग में पूरा इलाका तबाह हो गया. इस आग में करीब 1200 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं. इन झोपड़ियों में रखे लगभग 100 से अधिक गैस सिलिंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फटे, जिसकी आवाज़ पूरे क्षेत्र में घंटों तक गूंजती रही. आग की लपटें और धुएं का गुबार पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया.

आग की शुरुआत शाम करीब पांच बजे एक मस्जिद नुमा झोपड़ी से हुई. स्थानीय लोगों ने तुरंत बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. आरोप है कि पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करने में देरी हुई और सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दमकल व पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं. इस देरी ने आग को विकराल रूप दे दिया. आग लगते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई. लोग चीखते-चिल्लाते अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. ऐसे में सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई.

बंद करना पड़ा ट्रैफिक

सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आसपास की दुकानें बंद करा दी. रिंग रोड का यातायात रोक दिया गया. इसके चलते खूर्रमनगर, विकासनगर और मिनी स्टेडियम इलाके में घंटों जाम लगा रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग में दो गायों समेत करीब 50 बकरियां जिंदा जल गईं. हालांकि पुलिस और प्रशासन ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है. वहीं कुछ बच्चे लापता बताए जा रहे हैं. आग पर काबू पाने के बाद पुलिस व प्रशासन की टीमें बस्ती में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

मौके पर पहुंचे डीजी फायर

आग की भयावहता देखते हुए दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. खुद डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर, जिलाधिकारी वी. विशाख, एसडीआरएफ की टीम और डॉक्टरों की टीम भी मौके पर राहत कार्य के लिए पहुंची. इन टीमों ने आग के प्रसार को रोकने के लिए बस्ती के आसपास बने 30 पक्के मकानों को खाली करा लिया था. फिर रणनीति के साथ आग की घेराबंदी कर उसे काबू किया गया.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिया संज्ञान

घटना की सूचना मिलते ही रक्षा मंत्री व लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने जिलाधिकारी से फोन पर बात की. उन्होंने राहत-बचाव कार्यों को तेजी से चलाने के निर्देश दिए. राजनाथ सिंह ने कहा, “प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाए. वहीं घायलों का तुरंत समुचित इलाज सुनिश्चित होना चाहिए. जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया. इसी दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौके पर पहुंचे और उन्होंने लखनऊ के डीएम विशाख जी और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर से बातचीत कर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया.

Follow Us