लखनऊ में सपा नेता IP सिंह पर FIR, CM योगी का एडिटेड वीडियो पोस्ट करने का आरोप
लखनऊ में सपा नेता IP सिंह के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी पर अपमानजनक कमेंट और एक डांस वीडियो पोस्ट किया था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि जानबूझकर ऐसा बेबुनियाद और गुमराह करने वाला कंटेंट फैलाया गया, जिससे समाज में भ्रम और अशांति फैल सकती है.
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह के खिलाफ हजरतगंज थाने में FIR दर्ज की गई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाना बनाते हुए एक ‘आपत्तिजनक’ वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें भर्ती घोटालों और आरक्षण पर सवाल उठाए गए थे. शिकायतकर्ता ने समाज में भ्रम और अशांति फैलाने का आरोप लगाया है.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, सपा नेता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एडिट वीडियो जानबूझकर प्रसारित किया गया, जिससे समाज में भ्रम और अशांति फैल सकती है. यह कृत्य विभिन्न वर्गो की जातियो के विरुद्ध द्वेश भावना उत्पन्न किये जाने, सौहार्द बिगाड़ने और शान्ति भंग करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर डाला गया है.
आपत्तिजनक वीडियो से जनता की भावनाये आहत हुईं
लखनऊ के नरही के रहने वाले धर्म सिंह ने हजरतगंज थाने में सपा नेता IP सिंह के खिलाफ तहरीर दी थी. पुलिस ने 8 अप्रैल देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299, 356, 352, 353 और 67 के तहत केस दर्ज किया है और फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है.
शिकायतकर्ता ने सपा नेता IP सिंह के ट्विटर हैण्डल पर पोस्ट किया CM योगी की एडिटेड वीडियो का हवाला दिया, जिसमें मुख्यमंत्री क डांस वाला वीडियो पोस्ट किया गया था. साथ ही उसके कैप्शन में लिखा था, ‘वो डकैत जिसने 9 साल में PDA कैटेगरी का रिजर्वेशन निगल लिया…’ साथ ही इसमें मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे.
शिकायतकर्ता धर्म सिंह, सपा नेता के इस पोस्ट से आहत होकर तहरीर दी. उनका कहना है कि सपा नेता के आरक्षण, भर्ती घोटाले और जातिगत टिप्पणी जैसे उठाए गए मुद्दे निराधार हैं. साथ ही भ्रामक कंटेंट के साथ ऐसे आपत्तिजनक वीडियो को देखकर लाखों जनता की भावनाये आहत हुई हैं, इससे लोगों के बीच अशान्ति, घृणा और शत्रुता उत्पन्न हो सकती है.
मीम पोस्ट करने पर फांसी पर लटका दो- सपा नेता
सपा नेता ने IP सिंह FIR दर्ज होने के बाद X पर लिखा ट्वीट पर मेरे खिलाफ केस दर्ज हो गया है. शिकायत करने वाले का कहना है ऐसा आपत्तिजनक वीडियो देखकर मेरी और उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. अब इस अमृत काल में सब ठीक है, मीम पोस्ट करने पर किसी को फांसी पर लटका दो – यह आपकी सरकार है.
