शिवसेना या TMC की तरह क्यों नहीं टूटी सपा? अखिलेश ने खोला राज
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा शिवसेना या टीएमसी की तरह क्यों नहीं टूटी, इसका राज परिवारवाद में छिपा है. उन्होंने परिवार के कई सांसदों का जिक्र कर इसे अपनी पार्टी की ताकत बताया. अखिलेश ने सरकार पर सच बोलने पर पाबंदी और विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने नई तकनीकों और खेती में AI के उपयोग पर जोर देते हुए सपा की चुनावी तैयारियों व 'पीडीए' के नए अर्थ 'प्रेम, दया, अपनापन' पर भी बात की.
देश में एक तरफ परिवारवाद के खिलाफ हवा चल रही है, वहीं दूसरी ओर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इसी परिवारवाद को लेकर दिलचस्प टिप्पणी की है. शनिवार को हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने संबंधित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इसके तो बड़े फायदे हैं. उन्होंने कहा कि टीएमसी, शिवसेना जैसे दल टूट गए, लेकिन सपा क्यों नहीं टूटी? इसकी बड़ी वजह परिवारवाद ही तो है. एक ही परिवार से पांच सांसद हैं. इसके अलावा कुछ मुस्लिम सांसद और कुछ पक्के समाजवादी भी हैं.
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश और देश में अजीब स्थिति बन गई है. यहां सच बोलने पर भी पाबंदी है. अभी कुछ लोग प्रदेश में स्कूलों और वहां मिल रही शिक्षा की हालत को दिखाना चाहते थे, लेकिन सरकार ने पाबंदी लगा दी. कहा कि यदि कोई बुनियादी सवाल करेगा या फिर उनके जाल में नहीं फंसेगा तो वो टारगेट करेंगे. कहीं ना कहीं ऐसे लोगों को वो फंसाने की कोशिश करेंगे. इस दौरान उन्होंने एक जापानी बच्चे के सीएम योगी के साथ सेल्फी को लेकर भी टिप्पणी की. कहा कि यदि उस बच्चे ने थोड़ी भी रिसर्च कर ली होती तो सेल्फी लेने की हिम्मत नहीं कर पाता.
नई तकनीक पर दिया जोर
अखिलेश यादव ने नई तकनीक पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुसार काम करना होगा. कोई भी युवा यदि नई नई तकनीकों को सीखने में देरी करेगा तो आज की दौड़ में पिछड़ जाएगा. इसी कड़ी में उन्होंने खेती-किसानी में एआई के इस्तेमाल की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि आने वाला समय इंटरनेट, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है. इसमें तेजी से बदलाव हो रहा है और हमें भी बदलना होगा. यदि हम उस दिशा में काम ही नहीं करेंगे तो लोगों को रोजगार कैसे मिलेगा.
चुनाव की तैयारी में जुटी सपा
सपा सुप्रीमो ने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारी में जुट गई है. इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों से उनका एक ही निवेदन है कि वे साइकिल को वोट दें. उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि इन दिनों बच्चों को खिलाते हुए तस्वीरें खूब आ रही हैं, अच्छी बात है. बहुत जल्द फुर्सत ही फुर्सत होगी बच्चों से बात करने के लिए.
पीडीए का बताया एक और अर्थ
अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग पीडीए से घबराए हुए हैं. जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना पीडीए आगे बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब ये भी है कि प्रेम दया अपनापन.समाजवादी लोग मिलकर प्रेम दया और अपनापन से लोगों को जोड़ेंगे, समाजवादी पार्टी उतनी ही मजबूत होगी. इस दौरान उन्होंने जयंत चौधरी का नाम लिए बिना बड़ा हमला किया. चवन्नी वाले विवाद पर उन्होंने पूछा कि अब सच बोलना भी गुना हो गया क्या?