SSC GD परीक्षा में भारी बवाल, अभ्यर्थियों ने तोड़ डाले कंप्यूटर-एसी और कुर्सियां, प्रयागराज समेत 5 जिलों में रद्द हुआ एग्जाम
प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर में SSC GD परीक्षा के दौरान अव्यवस्था के परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया. इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने जमकर तोड़फोड़ की. कंप्यूटर और कुर्सियों को तहस-नहस कर दिया. इसके अलावा सड़कों पर जाम लगा दिया.
उत्तर प्रदेश में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कांस्टेबल जीडी परीक्षा में भारी अव्यवस्था का मामला सामने आया है. किसी परीक्षा केंद्र पर क्षमता से ज्यादा अभ्यर्थी बुला लिए गए तो कहीं पर सीट आंवटन को लेकर गड़बड़ी देखने को मिली. कुछ परीक्षा केंद्रों पर तो सर्वर ठप की स्थिति देखी गई. इस बीच परीक्षा न दे पाने से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में जमकर तोड़फोड़ की.स्थिति को देखते हुए प्रयागराज समेत कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित केंद्रों की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षाएं भी रद्द की गईं.
गोरखपुर में भी देखने को मिली अव्यवस्था
गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में सोमवार को आयोजित एसएससी जनरल ड्यूटी की लिखित परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली. परीक्षा देने पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनका परीक्षा केंद्र कॉलेज में बनाया गया था. लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद स्कूल प्रशासन ने आधे छात्रों को यह कहकर वापस कर दिया कि केवल 250 अभ्यर्थियों की ही परीक्षा कराने की व्यवस्था की गई है, जबकि कुल 500 अभ्यर्थियों का सेंटर यहां आवंटित था.
अभ्यर्थियों ने सड़क कर दिया जाम
दोपहर 3 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन परीक्षा से वंचित किए गए अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने कॉलेज के बाहर सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. छात्रों का कहना था कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. कई अभ्यर्थी दूसरे जनपदों से परीक्षा देने पहुंचे थे, जिन्हें अचानक बाहर कर दिए जाने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे, हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बीच परीक्षा के नोडल अधिकारी ने घोषणा की कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा नहीं हो सकी है, उनकी परीक्षा मंगलवार को कराई जाएगी.
बाहर से आए छात्रों ने प्रशासन से रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की मांग भी की. इस पर स्कूल प्रशासन और जिला प्रशासन ने छात्रों को विद्यालय परिसर में ही रुकने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया, हालांकि देर शाम तक कई छात्र सड़क पर बैठे रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा.
लखनऊ और प्रयागराज में तोड़फोड़
उधर, लखनऊ के एक स्कूल में SSC GD की परीक्षा सर्वर न चलने की वजह से रद्द पर दी गई ,जिससे बाद छात्र गुस्सा हो गए. इस दौरान परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने जमकर तोड़फोड़ मचाया. इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. उधर प्रयागराज में भी एसएससी जीडी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने जमकर बवाल काटा.अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में कंप्यूटर,एसी, कूलर,सीसीटीवी और कुर्सियां तोड़ डाली. अभ्यर्थियों का आरोप है कि क्षमता से ज्यादा परीक्षार्थियों को बुला लिया गया था . उनके लिए कंप्यूटर और बैठने की व्यवस्था नहीं की गई थी.
कानपुर में भी भारी बवाल
कानपुर में भी SSC GD की परीक्षा में भारी हंगामा देखने को मिला. सरसौल क्षेत्र के श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर पर समय से पहले पेपर बांटने का आरोप लगा. इसके बाद परीक्षा केंद्र अंदर एंट्री नहीं ले पाए अभ्यर्थियों ने खूब बवाल काटा . अभ्यर्थियों का कहना है कि दोपहर 1 बजे की शिफ्ट के लिए कुछ छात्रों को तय समय से पहले ही अंदर बुलाकर परीक्षा सामग्री दे दी गई थी.
इस कंपनी को मिली थी परीक्षा की जिम्मेदारी
एसएससी मध्य क्षेत्र में परीक्षा की जिम्मेदारी बेंगलुरु की कंपनी एडूक्विटी कॅरियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को दी गई थी. अंदावा स्थित आईटेक जोन सेंटर पर द्वितीय और तृतीय पाली की परीक्षा के लिए कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे. दूसरी पाली में 505 की जगह 1035 परीक्षार्थी और तीसरी पाली में 495 की जगह 1034 परीक्षार्थियों का केंद्र आवंटित कर दिया गया केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवंटन की जानकारी सोमवार को ही केंद्र को ईमेल पर दी गई. इसके बाद क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के पहुंचने पर अफरातफरी मच गई.