PAK में रची लखनऊ रेलवे स्टेशन उड़ाने की साजिश, दुबई में बनाया प्लान; आतंकी मंसूबों पर ऐसे फिरा पानी
यूपी एटीएस ने लखनऊ रेलवे स्टेशन उड़ाने की पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश को नाकाम किया है. दुबई में आकिब द्वारा रची गई इस योजना का उद्देश्य चारबाग स्टेशन पर हमला करना था. आईएसआई के इशारे पर संचालित यह मॉड्यूल रक्षा प्रतिष्ठानों और हिंदू नेताओं की रेकी भी कर रहा था. एटीएस ने समय रहते आतंकियों को पकड़कर एक बड़े हमले को टाल दिया.
यूपी एटीएस की गिरफ्त में आतंकियों ने कई बड़े खुलासे किए हैं. इन आतंकियों ने एटीएस की पूछताछ में बताया कि उन्हें तो केवल टास्क मिला था, लेकिन लखनऊ में आतंकी हमले का प्लान मेरठ के आकिब ने दुबई में बैठकर बनाया था. इन आतंकियों के मुताबिक इस प्लान की पूरी साजिश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने रची थी. आईएसआई के ही इशारे पर आकिब दुबई से भारत में आतंकी मॉड्यूल संचालित कर रहा था.
इन आतंकियों से पूछताछ के बाद यूपी एटीएस ने इनके मंसूबों का खुलासा किया है. एटीएस के मुताबिक आकिब ने मेरठ के साकिब उर्फ डेविल को सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से कनेक्ट किया था. फिर साकिब अपने साथियों के साथ लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन को उड़ाने के लिए पहुंचा था. हालांकि एटीएस की सतर्कता की वजह से ना केवल यह बड़ा आतंकी हमला टल गया, बल्कि यह चारो आतंकी पकड़ लिए गए.
FIR में शामिल किया आकिब का नाम
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक फिलहाल यूपी एटीएस मेरठ के रहने वाले साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, गौतमबुद्धनगर के रहने वाले विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को अरेस्ट कर पूछताछ कर रही है. यूपी एटीएस ने इनसे पूछताछ के बाद इनके सरगना और दुबई में बैठे मेरठ के आकिब का भी एफआईआर में दर्ज कर लिया है. ये सभी आतंकी आकिब के मॉड्यूल के तहत काम कर रहे थे.
हैंडलर के इशारे पर करते थे रैकी
पुलिस के मुताबिक ये सभी आतंकी आकिब के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से संपर्क करते थे. इनके संपर्क का मुख्य माध्यम इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे ऐप हैं. इसके बाद ये सभी हैंडलर्स के इशारे पर विभिन्न स्थानों की रैकी करती थे और संबंधित वीडियो हैंडलर को भेजते थे. आकिब के सोशल मीडिया अकाउंट्स में उसकी एके-47 समेत कई बड़े हथियारों के साथ फोटो मौजूद हैं. एटीएस सूत्रों के मुताबिक आकिब कई ऐसे मॉड्यूल तैयार कर चुका है जो देश विरोधी गतिविधियों और विद्रोह भड़काने में लगे हैं.
ये हुए खुलासे
एटीएस की पूछताछ में इन आतंकियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. बताया कि इन लोगों ने अब तक उत्तर प्रदेश में मौजूद कई महत्वपूर्ण रक्षा प्रतिष्ठानों और कैंट इलाकों की रेकी की है. इन स्थानों के वीडियो वह पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज चुके हैं. इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख हिंदुत्ववादी नेताओं की भी रैकी की है. यूपी एसटीएस ने शनिवार को इन्हें कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है.
वीडियो कॉल पर आतंकी साजिश
पाकिस्तानी हैंडलर का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत में बैठे आतंकियों को निर्देश देता नजर आ रहा है. करीब 25 सेकंड के इस वीडियो में हैंडलर हथियार के साथ दिखाई दे रहा है और पपला समेत अन्य लोगों को आतंकी गतिविधियों के निर्देश दे रहा है. एटीएस का दावा है कि चारों आतंकी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आपस में बातचीत करते थे.
मुंबई में भी दहशत फैलाने की थी साजिश
इस मॉड्यूल के आतंकी यूपी ही नहीं, मुंबई में भी दहशत फैलाने की तैयारी में थे. हैंडलर ने लोकेश और उसके साथी विकास को मुंबई भेज कर वहां शोरूम और वाहनों में आग लगाने के निर्देश दिए थे. इस दौरान खासतौर पर हिंदू समुदाय को टारगेट करने को कहा था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक लोकेश और विकास को पैसों का लालच देकर इस नेटवर्क से जोड़ा गया था. इन आतंकियों को पंजाब के गुरदासपुर से अवैध हथियारों की खेप लाने और उसे नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचाने की भी जिम्मेदारी दी गई थी.
