यूपी में बेमौसम बारिश से अब तक 11 की मौत, फसलों को भी भारी नुकसान

उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश से भारी नुकसान की खबर सामने आ रही है. आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के चलते बड़े स्तर पर फसलें प्रभावित हुई हैं. वहीं, बिजली गिरने से अलग-अलग जगह 11 लोगों की मौत हो चुकी है.

यूपी में बारिश का कहर Image Credit:

यूपी में शनिवार यानी 21 मार्च की सुबह तक मौसम का पूरा यूटर्न हो गया. पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई. तापमान में औसतन 12.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हमीरपुर में सबसे ज्यादा 14 डिग्री तक पारा लुढ़क गया. लखनऊ में दिन का तापमान 10.3 डिग्री गिरकर सुबह 7 बजे करीब 18 डिग्री रह गया. बारिश और बिजली गिरने के हादसों में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है.गेहूं की खड़ी फसल बिछ गई, पकी सरसों बर्बाद हो गई. आलू और तंबाकू की फसल भी प्रभावित हुई है.

शुक्रवार को लखनऊ, ललितपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई. सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या और ललितपुर में तो ओलावृष्टि देखा गया. ललितपुर में ओलों की चादर देखकर लोग हैरान रह गए. झांसी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, कन्नौज, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और मुरादाबाद में भी ओलावृष्टि हुई. सिद्धार्थनगर में सबसे ज्यादा 39.5 मिमी बारिश दर्ज की गई.

बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत

बिजली गिरने की घटनाओं से अवध क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा. बहराइच में मुनऊ (30), श्रावस्ती में अनिरुद्ध (55), बलरामपुर में तीरथ वर्मा (30) और बाराबंकी में मुश्ताक (42) की बिजली गिरने से मौत हो गई. मिर्जापुर में हरिशंकर (70), जौनपुर में अजीत चौहान (17), अमरोहा और प्रयागराज में दो-दो किसानों की जान गई. झांसी के बबीना में एक फैक्टरी पर बिजली गिरने से विस्फोट में एक कर्मचारी की मौत हो गई.

मुख्यमंत्री अधिकारियों को ये निर्देष

बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के मद्देनजर सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरने का निर्देश दिया है. फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन करने और मुआवजे की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से शुरू करने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि किसानों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. राहत राशि जल्द से जल्द उनके खातों में पहुंचे. उधर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार से कमजोर पड़ रहा है. रविवार से प्रदेश में मौसम पूरी तरह सामान्य हो जाएगा

Follow Us