यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 गड़बड़ी! 32 जिलों में एक रोल नंबर पर दो-दो आंसर शीट, 94 छात्रों के रिजल्ट रोके गए

यूपी बोर्ड ने इस बार नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की थीं. लेकिन इसके बावजूद कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं. तकरीबन 32 जिलों में एक ही रोल नंबर पर दो-दो उत्तर पुस्तिकाएं पाई गई हैं. अब तक 94 से अधिक परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं संदिग्ध पाई गईं. इनका रिजल्ट रोक दिया गया है.

यूपी बोर्ड में 94 से अधिक परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं संदिग्ध पाई गईं ( प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.आगरा, प्रयागराज, बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, मैनपुरी, आजमगढ़, प्रतापगढ़ समेत कुल 32 जिलों में दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही अनुक्रमांक छपा मिलने के मामले सामने आए हैं.अब तक 94 से अधिक परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं संदिग्ध पाई गई हैं.यूपी बोर्ड ने इन सभी छात्रों का परीक्षा परिणाम तत्काल रोक दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को 30 मई तक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.

हाईटेक इंतजामों के बावजूद गड़बड़ी

इस बार बोर्ड ने नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की थीं. मेरठ, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर के मूल्यांकन केंद्रों से अंक प्रतिदिन सीधे बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे थे. इसके बावजूद गड़बड़ी उजागर होने से सिस्टम की पोल खुल गई है.सूत्रों के अनुसार, प्रयागराज के एक विद्यालय की मूल उत्तर पुस्तिकाओं में अलीगढ़ की बी कॉपी जोड़ दिए जाने का मामला पहले ही सामने आ चुका था. अब दो अलग-अलग उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही रोल नंबर मिलने से आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिकाएं बदली गईं.

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शुरू कर दी है जांच

मामला सामने आते ही संबंधित स्कूल प्रबंधक और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक खुद को बचाने के लिए सक्रिय हो गए हैं.हालांकि बोर्ड की टीम सख्ती से जांच कर रही है.माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई है.जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी.दोषी केंद्रों को डिबार्ड भी किया जाएगा.

इन जिलों में सबसे ज्यादा गड़बड़ी

प्रयागराज, सीतापुर, महोबा, प्रतापगढ़ हाथरस, मैनपुरी, आगरा, एटा, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, महराजगंज, आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर, मऊ, हरदोई, इटावा, देवरिया, बलिया, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, अयोध्या, अमेठी, शाहजहांपुर, अलीगढ़, झांसी, कुशीनगर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, अमरोहा, मुरादाबाद आदि जिलों में इस तरह की गड़बड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं. यूपी बोर्ड परीक्षा की साख पर लगे इस ताजा धब्बे ने एक बार फिर सवाल उठा दिया है कि हाईटेक दावों के बावजूद गड़बड़ी कैसे संभव हुई? अब जांच रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं..

Follow Us