60+ महिलाओं के लिए योगी सरकार का बड़ा ऐलान, अब सरकारी बसों में नहीं लेना होगा टिकट

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है. मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को मंजूरी दी गई. सरकार के मुताबिक, इससे करीब 81 लाख बुजुर्ग महिलाओं को लाभ मिलेगा. यात्रा के लिए उम्र के सत्यापन हेतु आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखानी होगी.

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है. मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. सरकार के इस फैसले से प्रदेश की करीब 81 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी. यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का वादा किया था. अब सरकार ने इस चुनावी वादे को लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है.

60 साल की उम्र पूरी करने वाली महिलाएं होंगी पात्र

फ्री बस यात्रा की सुविधा के लिए महिला की उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक होना जरूरी होगा. उम्र के सत्यापन के लिए महिलाओं को आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाना होगा. सरकार की ओर से तय व्यवस्था के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को जिन महिलाओं की उम्र 60 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी इस सुविधा के लिए पात्र मानी जाएंगी. इस योजना को लागू करने के लिए योगी सरकार ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को स्वीकृति दी है.

81 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

सरकार के अनुमान के मुताबिक, इस योजना से उत्तर प्रदेश की करीब 81 लाख महिलाएं सीधे लाभान्वित होंगी. चुनाव से पहले बीजेपी की कोशिश महिला वोटरों को अपने पाले में करने की है. इसी वजह से योगी सरकार ने कुछ दिन पहले ही वृद्धा पेंशन में भी बढ़ोतरी की थी. इसे 1000 से बढ़ाकर 1500 कर दिया गया था. योगी सरकार का मानना है कि इसका फायदा चुनाव में होगा. इसके अलावा सभी महिलाओं के लिए रक्षाबंधन पर 27, 28, 29 अगस्त को (27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक) परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी.

कैबिनेट में 27 प्रस्ताव, 24 को मंजूरी

मंगलवार को हुई यूपी कैबिनेट की बैठक में कुल 27 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें वरिष्ठ महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी शामिल रहा. इसके साथ ही 250 इलेक्ट्रिक बसों (42 सीटर, 52 सीटर) की खरीदी को स्वीकृति दे दी गई है. सुल्तानपुर में 272 करोड़ से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर बनेगा.

Follow Us