दोस्त दोस्त ना रहा… बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया, फिर चाकू घोंपकर ले ली जान; नोएडा में खोड़ा जैसी वारदात
नोएडा में एक नाबालिग दोस्त ने दूसरे नाबालिग आयुष शुक्ला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया. बाद में आयुष का शव सेक्टर 44 के नाले से बरामद हुआ. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक नाबालिग दोस्त ने दूसरे नाबालिग दोस्त की हत्या कर दी और शव को सेक्टर 44 के नाले में फेंककर फरार हो गया. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. वारदात नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र में चौड़ा गांव का है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक यहां चौड़ा गांव में रहने वाले 14 वर्षीय आयुष शुक्ला की चाकू से गोदकर हत्या हुई है. इस वारदात को उसके ही एक मुस्लिम दोस्त ने अंजाम दिया है. आरोपी आयुष को जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर से बुलाकर ले गया था. जिसके बाद कथित तौर पर उसने चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी. यही नहीं, आरोपी ने खुद अपने अन्य दोस्तों के सामने इस वारदात को कबूल भी किया. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मां को कहा- खाना बना कर रखना
परिजनों के मुताबिक वारदात से पहले आरोपी आया और आयुष की मां से कहा कि ‘आंटी खाना बना कर रखना. मैं 2 मिनट में आयुष के साथ वापस आता हूं.’ लेकिन जब काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटे तो घर वालों ने खोजबीन शुरू की. फिर भी कुछ जानकारी नहीं मिली तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई. अगले दिन सेक्टर 44 के पास एक नाले में आयुष का शव बरामद हुआ. इस खबर से उसके घर में कोहराम मच गया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को हिरासत में लिया है और सभी तथ्यों पर मामले की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों को कहना है कि आयुष की हत्या के पीछे क्या वजह थी, क्या दोनों के बीच पहले से कोई विवाद था या किसी अन्य कारण से वारदात को अंजाम दिया गया है, इन तमाम सवालों के जवाब आरोपी से पूछताछ के बाद ही सामने आएंगे. वहीं परिजनों का कहना है कि आरोपी और आयुष के बीच गहरी दोस्ती थी. दोनों का एक दूसरे के यहां अक्सर आना-जाना लगा रहता था.
