बिन मौसम की बारिश के बाद गर्मी ने दिखाए तेवर, UP में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान; देखें IMD का अपडेट

बिन मौसम की बारिश थमने के बाद उत्तर प्रदेश में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राज्य में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोग उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 15 दिनों तक शुष्क मौसम और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है. IMD के अनुसार, 15 अप्रैल तक लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है.

यूपी में बढ़ी गर्मी Image Credit:

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे. ठंडी हवाएं भी चल रहीं थी, लेकिन बिन मौसम की बारिश का दौर अब थम गया है. इसी के साथ आज से गर्मी ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री से अधिक हो सकता है.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले 15 दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्‍क रहेगा. इस दौरान औसत तापमान में 10 प्रतिशत की बढ़ोत्‍तरी की संभावना है. हालांकि 15 अप्रैल के आसपास फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा-गाजियाबाद से लेकर बलिया-बनारस तक आज दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है.

परेशान कर सकती है गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक आज तापमान बढ़ने के साथ ही आद्रता भी बढ़ी हुई है. इसकी वजह से वातावरण में उमस बढ़ गई है. ऐसे हालात में लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह स्थिति 15 अप्रैल को संभावित पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने तक बनी रह सकती है. तब तक पूरे उत्तर प्रदेश में लू जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है. इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड में गर्म हवाएं चलेंगी.

तपने लगा बुंदेलखंड

बारिश बंद होते ही उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड क्षेत्र गर्मी से तपने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक इस क्षेत्र में तापमान अभी से 40 डिग्री के पार चला गया है नोएडा और गाजियाबाद के तापमान में भी बढ़ोत्‍तरी हुई है. यहां तापमान 3 डिग्री तक बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. माना जा रहा है कि अगले तीन दिनों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी में भी गर्मी और उमस की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

Follow Us