UP में 3 दिन आसमान से खूब बरसेगी आग, फिर मिलेगी थोड़ी राहत; जाने अपने शहर का मौसम
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है. IMD ने अगले तीन दिनों के लिए पूरे प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन तीन दिनों में झुलसा देने वाली लू चलेगी. इसके बाद मौसम थोड़ा नर्म होने की संभावना है. मौसम विभाग ने देश के टॉप 10 शहरों की सूची जारी की है. इसमें बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म जिला रहा है.
उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. बलिया-बनारस से लेकर नोएडा-गाजियाबाद तक आसमान से आग बरस रही है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन तीन दिनों में गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी. इसके बाद अगले दो दिनों के लिए थोड़ी राहत मिल सकती है. इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने ताजा बुलेटिन जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान पश्चिम दिशा से 20 से 30 किमी प्रति घंटा की गति से गर्म हवा के थपेड़े चल सकते हैं. इस दौरान पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने इन तीनों दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में 24 घंटे का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए यूपी के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि जिलों में 24 घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में दिन और रात में लू चलने के आसार हैं. इसी प्रकार मिर्जापुर संत रविदास नगर, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी आदि जिलों में भीषण गर्मी रहेगी. वहीं फतेहपुर , कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ हापुड़, बुलंदशहर और कासगंज आदि जिलों में भी लू चलने की संभावना है. इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में भी बरसेगी आग
मौसम विभाग के मुताबिक फतेहपुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, हरदोई फरुखाबाद, कन्नौज समेत 30 से अधिक जिलों में गुरुवार को भीषण गर्मी पड़ सकती है. मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है.
लगातार चौथे दिन बांदा सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश का जिला बांदा बुधवार को लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म जिला रहा. मौसम विभाग ने बुधवार को देश के टॉप 10 गर्म जिलों की सूची जारी की है. इसमें 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा टॉप पर है, वहीं 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ झांसी को 10 वें स्थान पर रखा गया है. मौसम विभाग ने देश के 10 जिलों को रेड कैटेगरी में रखते हुए लोगों को सचेत किया है.