UP में इठलाया सावन, 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय है, जिससे 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ, कानपुर जैसे शहरों में मूसलाधार बारिश से जलभराव की स्थिति है. भारतीय मौसम विभाग ने कई जिलों में भीषण बारिश की चेतावनी दी है. हालांकि, इस बारिश से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है.
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर से रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है. दक्षिण पश्चिमी मानसून के प्रभाव से मानसून ने प्रदेश में बीते 24 घंटे के अंदर कहर बरपाया है. बलिया बनारस से लेकर नोएडा गाजियाबाद तक मूसलाधार बारिश हो रही है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने नया अलर्ट भी जारी कर दिया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी इस अलर्ट में यूपी के 55 जिलों में भारी बारिश, 15 जिलों में मध्यम बारिश और पांच जिलों में हल्की बारिश की बात कही गई है.
मंगलवार की सुबह से राजधानी लखनऊ से लेकर अलीगढ़, मेरठ, कानपुर में अच्छी बारिश हुई. इसी प्रकार प्रयागराज और बनारस में भी कई जगह भारी बारिश होने से जलभराव की स्थिति बन गई. लखनऊ में मंगलवार की सुबह 4 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने महज दो घंटे में ही पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया. 8:30 बजे तक अमौसी क्षेत्र में 66.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई. इसी प्रकार अलीगढ़ में सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक भारी बारिश हुई. उधर, सुल्तानपुर में भी 68 एमएम तक बारिश रिकॉर्ड हुई है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, हमीरपुर आदि जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इसी प्रकार प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया के अलावा अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, महोबा में भारी बारिश हो सकती है.
शहरों में जलभराव की नौबत
प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से प्रयागराज, लखनऊ, अलीगढ़, कानपुर आदि शहरों में जगह जगह जलभराव की स्थिति बन गई है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक 41% अधिक हुई बारिश हुई है. बीते 24 घंटे में ही अनुमानित बारिश 7.01 एमएम की अपेक्षा 10.01 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है. वहीं 1 जून से 4 अगस्त के बीच अनुमानित 387 एमएम बारिश की अपेक्षा अब तक 281 एमएम बारिश हो चुकी है. यह सामान्य से 27 प्रतिशत कम है.
गर्मी और उमस से मिली राहत
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह के मुताबिक मानसूनी परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश भर में बारिश हो रही है. इसके चलते प्रदेश वासियों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. अभी दो दिन पहले तक प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस की वजह से लोगों का चैन और सुकून छीन गया था. लोगों को ना तो दिन में चैन मिल रहा था, और ना ही रात में ही उन्हें राहत मिल रही थी. अब बदले मौसम में उन्हें काफी राहत मिली है.