आजादी के उत्सव के बीच UP में भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में बरसेंगे बदरा; देखें मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में आजादी के उत्सव के बीच भारी बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने 30 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश और बाकी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. यह स्थिति 19 अगस्त तक बनी रहेगी. उधर, लगातार बारिश से गंगा, यमुना जैसी प्रमुख नदियां उफान पर हैं, जिससे कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. IMD ने विभिन्न जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं.
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज झमाझम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में आज मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं 30 अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसी प्रकार शेष 15 जिलों में बूंदाबांदी या रिमझिम बरसात हो सकती है. इन परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने जिलावार अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति 19 अगस्त तक जारी रह सकती है.
भारतीय मौसम विभाग ने सात दिन पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 15 से 18 अगस्त के बीच प्रदेश में मानसून मेहरबान रहेगा. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश होगी. आज पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी. वहीं रविवार और सोमवार को कई इलाकों में अतिवृष्टि के आसार हैं. इसी प्रकार 17 और 18 अगस्त को पूर्वांचल के जिलों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है.
आज इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने आज यूपी के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, गोंडा गों , बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, झांसी, ललितपुर और खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, महोबा आदि जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं रविवार को गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सहरानपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं, बरेली और पीलीभीत आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
उफनाई नदियां, बाढ़ का अलर्ट
उत्तराखंड और नेपाल के अलावा उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बीते 24 घंटों में अच्छी बारिश हुई है. उत्तराखंड और नेपाल में तो बारिश का सिलसिला बदस्तूर जारी है. इसकी वजह से इन इलाकों से निकलकर उत्तर प्रदेश में आने वाली सभी नदियां उफान पर हैं. गंगा, यमुना और घाघरा आदि प्रमुख नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है. कानपुर, कन्नौज और प्रयागराज में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने खतरे का संकेत दिया है. जबकि आजमगढ़, मऊ और बलिया में घाघरा ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है.