रवीना त्यागी बाराबंकी तो डॉ. ईरज राजा बने बलिया के कप्तान, UP में 20 IPS अफसरों के तबादले

उत्तर प्रदेश में 20 आईपीएस अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है. रवीना त्यागी को बाराबंकी और डॉ. ईराज राजा को बलिया का कप्तान बनाया गया है. ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार भगवान एस. श्रीवास्तव को मिला है. यशवीर सिंह जौनपुर के कप्तान होंगे.

डॉ. ईरज राजा बने बलिया के कप्तान Image Credit:

उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले हुए हैं. इसमें 20 आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है. इनमें एडीजी से लेकिर जिलों के कप्तान शामिल हैं. शासन की ओर से जारी इस तबादला सूची के मुताबिक 1996 बैच के आईपीएस ए. सतीश गणेश से अतिरिक्त प्रभार हटा दिया गया है. पहले वह यातायात एवं सड़क सुरक्षा के साथ ही एडीजी क्राइम का भी प्रभार था.

नए बदलाव में उनसे एडीजी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है. अब वह केवल एडीजी यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे. एडीजी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार 1998 बैच के आईपीएस भगवान एस. श्रीवास्तव के पास रहेगा. अब तक वह केवल एडीजी तकनीकी सेवाएं का काम देख रहे थे. इसी क्रम में शासन ने बलिया, बस्ती, जौनपुर समेत 10 जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए हैं.

जौनपुर कप्तान बने यशवीर सिंह

2013 बैच के आईपीएस यशवीर सिंह को जौनपुर की कप्तानी मिली है. अभी तक वह बस्ती के कप्तान थे. वहीं जौनपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है. इसी क्रम में 2014 बैच की आईपीएस रवीना त्यागी को बाराबंकी का कप्तान बनाया गया है. अभी तक वह लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी संभाल रहीं थी. इसी बैच के आईपीएस संजय कुमार को प्रयागराज पीएसी का सेनानायक बनाया गया है. वह अब तक एसएसपी मुजफ्फरनगर थे.

बलिया पहुंचे डॉ. ईरज राजा

मऊ कप्तान कमलेश बहादुर को एसपी लोक शिकायत, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ भेजा गया है. वहीं गाजीपुर एसपी डॉ. ईरज राजा को अब बलिया में कप्तान बनाया गया है. 2017 बैच के आईपीएस अर्पित विजयवर्गीय अब डीसीपी लखनऊ होंगे. अब तक वह बाराबंकी के कप्तान थे. वहीं, सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ में कप्तान बनाया गया है. वह सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

इन जिलों में भी बदले कप्तान

जालौन एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. बागपत एसपी सूरज कुमार राय को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी मिली है. इसी प्रकार आईपीएस चिराग जैन को आजमगढ़ से बरेली भेजा गया है. वहां वह एसपी सिटी होंगे. बरेली में एसपी सिटी आईपीएस मानुष पारीक अब आजमगढ़ भेजे गए हैं.

मथुरा पहुंचे आलोक राज नारायण

हरदोई में सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण को अब मथुरा में एडिशनल एसपी बनाया गया है. वहीं पूर्णेंदु सिंह को एसपी बागपत की जिम्मेदारी मिली है. वह पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू डीजीपी के पद पर तैनात थे. मधुवन कुमार सिंह को एसपी हापुड़ तो सुरेश चंद्र रावत को एसपी जालौन की जिम्मेदारी मिली है.

Follow Us