अब वर्दी में रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की खैर नहीं… ADG अमिताभ यश ने जारी किया आदेश

कई पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 तोड़कर आपत्तिजनक रील पोस्ट कर रहे हैं.इससे सरकारी काम और पुलिस की छवि खराब हो रही है. ऐसे में ADG कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है. नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर तुरंत कार्रवाई होगी.

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया पॉलिसी 2023 के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाया है. वर्दी में रील बनाने या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले कर्मियों के खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई होगी. DGP के अनुमोदन के बाद शुक्रवार को ADG कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने इसको लेकर आदेश जारी किया है. क्योंकि इससे पुलिस की छवि खराब हो रही है.

यूपी पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग करने पर डीजी परिपत्र संख्या 5 2023 दिनांक 8 फरवरी 2023 के माध्यम से सोशल मीडिया पॉलिसी 2023 जारी की गई है. इस नए आदेश का उद्देश्य पुलिस की गरिमा और शासकीय कार्य की शुचिता बनाए रखना है. यानी अब वर्दी में रील बनाने वालों की खैर नहीं है.

नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों को चिन्हित करें

आदेश में कहा गया है कि यह देखने में आ रहा है कि सेवा रेट एवं प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों द्वारा सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन लगातार करते हुए सोशल मीडिया पर रील इत्यादि के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही है. जिससे शासकीय कार्य प्रभावित हो रहा है उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा एवं छवि भी इससे प्रभावित हो रही है.

साथ ही चेतावनी दी गई है कि वर्दी पहनकर रील पोस्ट करने या सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले कर्मियों को चिन्हित किया जाए. साथ ही उनके खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है. इसके अलावा, हर महीने संलग्न प्रोफार्मा के अनुसार नियम तोड़ने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, और पोस्ट यूआरएल सहित सुरक्षित रखें.

ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध वसूली के आरोप

बता दें कि, हाल में लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों (IPS अधिकारियों सहित) पर ड्यूटी लगाने के नाम पर हर महीने ₹2,000 की अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे. माना जा रहा है कि इसी प्रकरण के बाद पुलिस विभाग की तरफ से आदेश जारी हुआ है.

Follow Us