फिर एक्शन में मानसून! आज 31 जिलों में बारिश का अलर्ट, देखें UP का वेदर कार्ड
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज 31 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 50 से अधिक जिलों में बादल छाए रहेंगे. अगले चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इस दौरान उमस बढ़ेगी, नदियां उफान पर हैं और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है.
बारिश के सीजन में झुलसाने वाली गर्मी के बाद मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं 50 से अधिक जिलों में बारिश जैसा मौसम बना रह सकता है. यानी आसमान में बादल छाए रहेंगे. हालांकि इस बीच भले ही गर्मी से थोड़ी राहत मिल जाएगी, लेकिन उमस बढ़ने की वजह से लोगों की परेशानी बदस्तूर बनी रह सकती है.
भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के 10 जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई है. अब मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का सिलसिला अगले चार दिनों तक बना रह कता है. आज शनिवार को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान बादल गरजने, बिजली गिरने की भी आशंका प्रबल है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने 18 से 21 जुलाई तक विशेष अलर्ट जारी किया है.
शुक्रवार को इन जिलों में बरसे मेघ
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत 10 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश हुई. इ बारिश की वजह से पूर्वांचल की नदियां उफनाने लगी है. खासतौर पर बलिया और बाराबंकी में घाघरा नदी उफान पर है. वहीं बिजनौर में मलान नदी ने खतरे के निशान को पार कर लिया है. गंगा के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि होने लगी है. हालात को देखते हुए डूब क्षेत्रों में बसी आबादी को सुरक्षित ठिकानों पर जाने के लिए कहा जा रहा है.
आज इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बदली परिस्थितियों में आज यूपी के 31 से अधिक जिलों में बारिश हो सकती है. इनमें बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तापुर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र और चंदौली आदि जिले शामिल हैं.
20 जिलों में मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक आज 20 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश की आशंका है. वहीं 11 से अधिक जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में बूंदाबांदी के भी आसार हैं. मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के मुताबिक यूपी में अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही झमाझम बारिश का अनुमान है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक रविवार और सोमवार को भी प्रदेश में बारिश के योग बन रहे हैं.
