यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को स्वाइन फ्लू! रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुद को किया क्वारंटीन

यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को भी स्वाइन फ्लू (H1N1) हो गया है. KGMU में जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए गए हैं, हालांकि उनके लक्षण हल्के हैं. केजीएमयू के प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री को पिछले चार-पांच दिन से बुखार था. घर पर ही उनका इलाज चल रहा है.

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह H1N1 पॉजिटिव पाए गए (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी स्वाइन फ्लू यानी H1N1 की चपेट में आ गए हैं. पिछले चार-पांच दिनों से बुखार की शिकायत के बाद उन्होंने लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में जांच कराई थी. जांच में उनकी H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. हालांकि, मंत्री में बीमारी के लक्षण हल्के बताए जा रहे हैं और उनका घर पर ही इलाज चल रहा है.

जानकारी के मुताबिक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह पिछले कुछ दिनों से बुखार से परेशान थे. कुछ समय पहले वह फिरोजाबाद में थे. वहां से लौटने के बाद उन्होंने लखनऊ आकर अपना मेडिकल टेस्ट कराया. जांच में मलेरिया की रिपोर्ट तो निगेटिव आई, लेकिन इंफ्लुएंजा एच1एन1 की पुष्टि हुई. संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है.

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को पिछले चार-पांच दिनों से बुखार था. केजीएमयू के माइक्रोबायोलाजी विभाग में जांच के बाद H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है. मंत्री को बुखार के साथ खांसी जैसे लक्षण थे. हालांकि, उनके लक्षण हल्के हैं. डॉक्टरों ने उन्हें तय प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है.

यूपी में बढ़ रहे मामले, अब तक दो की मौत

उत्तर प्रदेश में इन दिनों स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. प्रदेश में H1N1 संक्रमितों की संख्या करीब 685 के पार पहुंच गई है. जबकि प्रदेश में अब तक संक्रमण से दो लोगों की मौत हो गई है. स्वाइन फ्लू से फिरोजाबाद में 69 वर्षीय कारोबारी और बदायूं में बुजुर्ग महिला मुकीम की मौत हो गई थी.

वहीं, बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने और आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग लोगों से फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर सावधानी बरतने की अपील कर रहा है. खासतौर पर बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत होने पर डॉक्टर से सलाह लेने की बात कही गई है.

क्या है H1N1? ऐसे करें बचाव

H1N1 इंफ्लुएंजा वायरस का एक प्रकार है, जो मुख्य रूप से सांस से जुड़ी बीमारी पैदा करता है. संक्रमण के बाद आमतौर पर कुछ दिनों में इसके लक्षण दिखाई देने लगते हैं. बुखार, खांसी, जुकाम, गले में खराश और शरीर में दर्द जैसे लक्षण हो सकते हैं.

स्वाइन फ्लू से बचने के लिए खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना जरूरी है. संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखना और हाथों को नियमित रूप से साबुन से धोएं। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और फ्लू जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर की सलाह लें. बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

Follow Us