पूर्वांचल में आज फिर आंधी-बारिश का अलर्ट, पश्चिमी UP में सताएगी गर्मी; जानें आज का मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है. खासतौर पर पूर्वांचल में आज फिर से आंधी-बारिश का अलर्ट है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से आज मौसम साफ होगा. आईएमडी ने आज प्रदेश के 26 जिलों में बिजली कड़कने और तूफान आने की चेतावनी दी है.
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है. हालांकि तीन दिन से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव अब काफी हद तक कमजोर पड़ गया है. हालांकि यह कमजोर पड़ता पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में कहर ढा सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के इस हिस्से में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज पूर्वांचल के 26 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
इस दौरान प्रदेश के इस हिस्से में आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने के भी आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में आज 70 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने इन सभी 26 जिलों के लिए आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज चटखदार धूप निकली है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के इस हिस्से में आज मौसम साफ रहेगा.
पश्चिम में सताएगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज से अगले तीन चार दिनों तक धूप तेज होने की वजह से गर्मी बढ़ेगी. अनुमान है कि तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक बढोत्तरी हो सकती है. इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में गर्मी का प्रकोप बदस्तूर जारी है. रविवार को ही यहां उरई में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं झांसी में 40.9 डिग्री, हमीरपुर में 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा. पूर्वांचल के वाराणसी (बीएचयू) में भी 40.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है.
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक आज पूर्वांचल के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर आदि जिलों में बारिश के आसार हैं. इसी प्रकार महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और आसपास के जिलों में भी तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. इनमें से ज्यादातर जिलों में बिजली कड़कने और कुछ जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है.