विदा हुआ मानसून, UP में आज फिर बारिश के आसार; 25 जिले बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई के बावजूद आज फिर 20 से अधिक जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वांचल में बौछारें और पश्चिमी यूपी में बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गंगा, यमुना और घाघरा का जलस्तर घटने के बावजूद प्रदेश के 25 जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं.

यूपी का मौसम Image Credit:

उत्तर प्रदेश से भले ही मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन आज लगातार दूसरे दिन प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को भी हल्की फुल्की बारिश हुई थी. भारतीय मौसम
विभाग के मुताबिक ताजा भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से आज फिर छिटपुट बारिश के आसार हैं. हालांकि मौसम विभाग ने किसी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बूंदाबांदी होने या गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इस बीच तेज धूप निकलने से तापमान भी बढ़ने के आसार हैं. शुक्रवार को ही राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं न्यूनतम तापमान भी 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

आपके शहर का मौसम

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज राजधानी समेत पूरे पूर्वांचल में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं. दोपहर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्के बादल आ सकते हैं. इसी प्रकार प्रदेश में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. शुक्रवार को प्रदेश के हरदोई जिले में 15 मिमी बारिश हुई. इसी प्रकार, कानपुर में 13.8 मिमी, अलीगढ़ में 7 मिमी, इटावा में 5 मिमी और उरई में 3.4 मिमी बारिश हुई है. हालांकि सर्वाधिक बारिश झांसी में 22.7 मिमी हुई है.

रामनगरी में बढ़ी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश सबसे गर्म रामनगरी अयोध्या रही. यहां सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी प्रकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ 34 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा. वहीं , मुजफ्फरनगर और आगरा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. प्रयागराज, बस्ती
और गोरखपुर में भी 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रिकार्ड हुआ है.

25 जिलों में बाढ़ का अलर्ट

नेपाल और उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेश में बाढ़ का संकट लगातार बना हुआ है. गंगा, यमुना और घाघरा का जलस्तर थोड़ा नीचे आया तो है, लेकिन अभी प्रदेश के 25 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. सीएम योगी ने इन सभी जिलों में प्रशासन को प्रभावी निगरानी के साथ ही राहत एवं बचाव जारी रखने के निर्देश दिए हैं. राहत आयुक्त कार्यालय से जारी प्रेसनोट के मुताबिक गुरुवार को करीब आठ हजार लोगों को बाढ़ से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

Follow Us