यूपी में 16 से 35 साल के युवाओं के लिए बनेगी नई नीति, योगी सरकार ने मांगे सुझाव
योगी सरकार युवाओं के लिए नई एकीकृत युवा नीति तैयार कर रही है. मुख्यमंत्री ने इसके लिए युवाओं से सुझाव भी मांगे हैं. इसमें शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, खेल और AI जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर दिया जाएगा. साथ ही एक स्वतंत्र राज्य युवा आयोग गठित करने पर विचार किया जाएगा.
उत्तर प्रदेश सरकार 16 से 35 साल के आयु वर्ग के युवाओं के लिए नई एकीकृत युवा नीति तैयार करने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नीति बनाने से पहले युवाओं की राय जरूर ली जाए, ताकि उनकी जरूरतों और भविष्य की अपेक्षाओं के अनुसार बेहतर योजना तैयार की जा सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई युवा नीति केवल शिक्षा या रोजगार तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें कौशल विकास, स्टार्टअप, रोजगार, खेल, डिजिटल तकनीक और नेतृत्व विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा. इसके लिए योगी सरकार की ओर से सार्वजनिक डोमेन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे युवाओं से सुझाव भी मांगे जाएंगे.
स्वतंत्र राज्य युवा आयोग गठित करने पर विचार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बदलते समय को देखते हुए युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना जरूरी है. इसलिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों में प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा. साथ ही हर जिले में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि युवाओं से जुड़ी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचे. इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाएगा. इसके अलावा युवाओं के विकास से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी के लिए एक स्वतंत्र राज्य युवा आयोग गठित करने की पर भी विचार किया जाएगा.
यूपी के हर पंचायत में विकसित होगा खेल मैदान
वहीं, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट ज़ोन की स्थापना का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए. उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना को और प्रभावी बनाने, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों तक इसका विस्तार करने पर भी जोर दिया.
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हर जिले में खेल उत्कृष्टता केंद्र और युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय व अध्ययन केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए. उनका कहना है कि इससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे. वे शिक्षा, रोजगार और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे.