UPPET 2026 के लिए 7 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन, आयोग ने इसलिए बढ़ाई डेट
यूपीपेट 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर से बढ़ाकर 7 सितंबर कर दी गई है. UPSSSC ने अभ्यर्थियों को फीस जमा करने और ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है. बड़ी संख्या में आवेदन न हो पाने के कारण यह फैसला लिया गया. आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर ही रहेगी, इसलिए जल्द आवेदन करें.
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने यूपीपेट में आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ा दी है. पहले यह तिथि 1 सितंबर थी, लेकिन 7 सितंबर तक आवेदन ऑनलाइन जमा किए जा सकेंगे. आयोग के इस फैसले के बाद आवेदकों को फीस जमा करने और ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने के लिए एक हफ्ते का अतिरिक्त समय मिल गया है. नई डेटलाइन में भी आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर ही रखी गई है.
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपी एसएसएससी) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी-2026) के लिए पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर से बढ़ाकर 7 सितंबर 2026 कर दी है. इस संबंध में आयोग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है. आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार इस परीक्षा का विज्ञापन 1 अगस्त 2026 को जारी हुआ था, इसमें ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू होकर एक सितंबर को खत्म होनी थी.
इसलिए बढ़ाई डेट
इसी अवधि में पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने काम होना था. चूंकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शुल्क जमा नहीं कर पाए थे, जिसकी वजह से उनका आवेदन सबमिट नहीं हो पाया था. इसे देखते हुए आयोग ने एक हफ्ते का अतिरिक्त समय दिया है. नई व्यवस्था के अनुसार पीईटी-2026 में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी अब 7 सितंबर 2026 तक ना केवल पंजीकरण करा सकते हैं, बल्कि निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन भी सबमिट कर सकते हैं.
संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर
आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क समायोजन एवं आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 8 सितंबर 2026 ही रहेगी. यानी अभ्यर्थियों को आवेदन सबमिट करने के बाद यदि निर्धारित प्रावधानों के तहत किसी प्रकार का संशोधन करना है तो उसके लिए 8 सितंबर तक का समय रहेगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन की नई समय सीमा का ध्यान रखते हुए प्रक्रिया पूरी करें और अंतिम समय का इंतजार न करें. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि में बदलाव किया गया है. इस परीक्षा के लिए निर्धारित शर्तें एवं अन्य दिशा-निर्देश पहले वाले ही रहेंगे.
