UP TET-2026 परीक्षा आज से, 60 जिलों में बने 955 केंद्र; 19.94 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
यूपीटीईटी-2026 परीक्षा आज से 60 जिलों के 955 केंद्रों पर होगी, जिसमें 19.94 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष बनाने के लिए AI CCTV और इंटीग्रेटेड कमांड रूम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी. अभ्यर्थियों से अफवाहों से बचने और आयोग की वेबसाइट पर नजर रखने की अपील है.
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का आयोजन 2 से 4 जुलाई तक प्रदेश के 60 जिलों में किया जाएगा. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अनुसार लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों और 4 जुलाई को एक पाली, यानी कुल पांच पालियों में 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल होंगे.
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों की गहन समीक्षा कर ली गई है. परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षों एवं महत्वपूर्ण हिस्सों को AI सीसीटीवी से लैस कर जिले के कंट्रोल रूम और इंटीग्रेटेड कमांड रूम से जोड़ा गया है. आयोग के कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की कनेक्टिविटी का परीक्षण कर लिया गया है.
हर जिले में आयोग की ओर से प्रेक्षक नियुक्त
आयोग के अनुसार, 2 जुलाई की दोनों पालियों और 3 जुलाई की प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी. जबकि 03 जुलाई की द्वितीय पाली और 04 जुलाई की प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा है.
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रत्येक जिले में आयोग की ओर से प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिनमें सेवानिवृत्त IAS और IPS अधिकारी शामिल हैं. जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को परीक्षा की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे.
नकल, पेपर लीक के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
आयोग ने स्पष्ट किया है कि नकल, पेपर लीक या परीक्षा की गोपनीयता भंग करने की किसी भी कोशिश पर सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र पर ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
आयोग ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और केवल आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ही सूचनाएं प्राप्त करने की अपील की है. आयोग की अपील है कि अभ्यर्थी किसी अफवाह और बहकावे में न आएं और सूचनाओं की पुष्टि आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in और ‘X’ हैंडल @upesscprayagraj से कर लें.