लखनऊ में 2 घंटे की बारिश ने खोली पोल! VIP रोड पर धंसी सड़क, गड्ढे में गिरा बाइक सवार

लखनऊ में 2 घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद वीआईपी रोड पर सड़क धंस गई, जिससे पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के आवास के पास 10 फीट से गहरा गड्ढा बन गया. इस दुर्घटना में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना नगर निगम की घोर लापरवाही उजागर करती है.

बारिश ने खोली नगर निगम की पोल: वीआईपी रोड पर गड्ढे में गिरा बाइक सवार Image Credit:

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को करीब दो घंटे हुई तेज बारिश ने सड़कों की व्यवस्था की पोल खोल दी. बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. इसी बीच आईटी चौराहे से पहले मुख्य मार्ग पर सड़क अचानक धंस गई. पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के सामने करीब 7 से 8 फीट गहरा गड्ढा बन गया.

जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ, जब एक बाइक सवार सड़क से गुजर रहा था और अचानक गड्ढे में जा गिरा. बारिश के कारण अचानक बने इस गड्ढे का बाइक सवार को अंदाजा नहीं हो सका. स्थानीय लोगों ने घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेड कर दिया है.

दो घंटे की बारिश में कई जगह बने गड्ढे

मुख्य मार्ग पर सड़क धंसने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों में इसको लेकर नगर निगम पर भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि सड़क पर गड्ढा बनने के बाद तत्काल बैरिकेडिंग की गई होती तो बाइक सवार हादसे से बच सकता था. हादसे के बाद प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

लखनऊ में बारिश के कारण तीन स्थानों पर सड़कें धंसने की घटनाएं सामने आई हैं. स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब VIP रोड का जब ये हाल है तो आम सड़क का क्या हाल होगा. आईटी चौराहे के पास जिस सड़क पर हादसा हुआ, वह राजधानी का प्रमुख मार्ग है और यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं.

नगर निगम और प्रशासन पर उठे सवाल

वहीं, सड़क धंसने और बाइक सवार के गड्ढे में गिरने के बाद नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों का आरोप है कि समय रहते सड़क की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया. फिलहाल पुलिस ने गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है और यातायात को सुरक्षित तरीके से संचालित कराने का प्रयास किया जा रहा है.

Follow Us