मौसम ने फिर बदला मिजाज, पूर्वांचल में भारी बारिश का अलर्ट; जानें पश्चिमी UP का हाल

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. मौसम विभाग ने पूर्वांचल, लखनऊ और पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 31 अगस्त और 1 सितंबर को वाराणसी-प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज बारिश होगी. वहीं, पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश के बावजूद गर्मी और उमस परेशान कर सकती है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज श्रोत- AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रभाव साफ नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने एक बार फिर सोमवार को पूर्वांचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. खासतौर पर लखनऊ, प्रदेश के तराई वाले क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घनघोर बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे.

मौसम विभाग ने 31 अगस्त और 1 सितंबर को बनारस और प्रयागराज समेत पूरे पूर्वांचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. माना जा रहा है कि पूर्वांचल एक सितंबर को बाद बारिश का जोर थोड़ा कम तो होगा, लेकिन छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, मेरठ समेत कई जिलों में सोमवार को छिटपुट बारिश की संभावना जताई है. प्रदेश के इस हिस्से में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

अगस्त में सामान्य से अधिक हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस साल अगस्त महीने में मानसून कुछ ज्यादा ही मेहरबान रहा. अकेले कानपुर में ही इस महीने सामान्य से 39 फीसदी अधिक बारिश हुई है. जबकि जुलाई में यहां सामान्य से 3 फीसदी कम बारिश हुई थी. यही स्थिति प्रयागराज और बनारस की भी है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में अभी बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से मानसून सक्रिय बना हुआ है. इससे आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा.

बारिश से भादो की शुरुआत

वाराणसी प्रयागराज समेत पूरे पूर्वांचल में भादो महीने की शुरुआत अच्छी बारिश के साथ हुई है. बनारस एवं आसपास के जिलों में शनिवार की दोपहर करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई. रविवार को भी कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक 31 अगस्त और 1 सितंबर को भी इस क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है. उधर, प्रयागराज में बीते 24 घंटे के अंदर 66.8 मिमी से अधिक बारिश हुई है.

पश्चिमी यूपी में परेशान कर सकती है गर्मी

मौसम में हुए इस बदलाव के बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को आगरा से लेकर मेरठ तक मौसम साफ रहेगा. इससे गर्मी बढ़ेगी, लेकिन साथ में उमस भी बढ़ सकती है. उधर, मेरठ एवं आसपास के जिलों में छिटपुट बारिश से भले ही अब तक गर्मी से राहत मिली, लेकिन बदले मौसम में यहां भी गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के इस हिस्से में अगले दो-तीन दिनों में बड़ी बारिश की कोई संभावना नहीं है.

Follow Us