राम मंदिर चंदा चोरी पर पहली बार बोले CM योगी- अपराधी कोई भी हो, बचेगा नहीं

राम मंदिर के दानपात्रों में कथित चोरी के आरोपों पर पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है. अयोध्या दौरे पर उन्होंने कहा कि गठित एसआईटी निष्पक्ष जांच करेगी और 'दूध का दूध, पानी का पानी' कर देगी. सीएम ने कहा, 'जिसके पास सबूत हैं, वे एसआईटी को दें... अपराधी कोई भी होगा, बचेगा नहीं.'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

राम मंदिर के दानपात्रों में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है. अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) निष्पक्ष तरीके से काम करेगी और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा, अगर आपके सबूत है तो हमें दीजिए.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे प्रकरण को लेकर अनावश्यक अटकलों से बचना चाहिए और जांच एजेंसी को अपना काम पूरा करने देना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘SIT दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी, सभी पक्षों से मेरा अनुरोध है कि 15 दिनों का इंतजार करें, जिसके पास सबूत हैं, SIT को दें.’ सीएम योगी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति या संस्था के पास इस मामले से जुड़े तथ्य या साक्ष्य हैं, तो उन्हें सार्वजनिक बयानबाजी करने के बजाय जांच टीम को दें.

‘अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘अगर किसी के पास कोई सबूत है तो वह SIT को दे, SIT अपना काम पूरा करेगी… अपराधी कोई भी होगा, वह बचेगा नहीं… अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं.’ सीएम योगी आदित्यनाथ के इस बयान को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पिछले कई दिनों से राम मंदिर ट्रस्ट, उसके पदाधिकारियों और मंदिर प्रशासन को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं.

‘रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज उपदेश दे रहे हैं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष और आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अयोध्या की नई पहचान और विकास को पचा नहीं पा रहे हैं और इस तरह के विवादों के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए थे, वही आज नैतिकता का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने जय श्रीराम के नाम पर कभी लाठियां और गोलियां चलवाई थीं, आज वही लोग उपदेश दे रहे हैं.

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करने वाली कांग्रेस आज उपदेश दे रही है… 500 साल संघर्ष किया, 15 दिन और इंतजार कर लें.’ सीएम योगी ने श्रद्धालुओं और संत समाज से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और सच सामने लाया जाएगा.

‘अपराधी कोई भी हो, बचेगा नहीं’

गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT का गठन किया है. SIT को प्रारंभिक जांच कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है.हालांकि सरकार की ओर से अंतिम रिपोर्ट की कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है. सीएम योगी का कहना है कि सबूत दीजिए, जांच होने दीजिए और अपराधी कोई भी हो, बचेगा नहीं.

Follow Us