किसान की मेहनत पर भारी बिजली कर्मियों की लापरवाही, महोबा में 4 बीघा गेहूं की फसल राख
महोबा में विद्युत कर्मियों की लापरवाही ने किसान की मेहनत में आग लगा दी. चार बीघा गेहूं की फसल पर हाईटेंशन लाइन की चिंगारी गिर गई. ग्रामीणों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक फसल नष्ट हो चुकी थी. बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप हैं. पीड़ित किसान ने मुआवजे की मांग की है.
महोबा में विद्युत कर्मियों की लापरवाही का खामियाजा किसान को भुगतना पड़ा है. खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से उठी चिंगारी से फ़सल में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर चार बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल को राख कर दिया. बिजली विभाग पर लटकी तारों को ठीक न करने का आरोप है.
घटना पनवाड़ी थानाक्षेत्र के सिमरिया गांव की है. मुन्नीलाल नामक किसान के खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन में दोपहर अचानक स्पार्किंग के बाद चिंगारी निकली, जिसने चार बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी आगोश में ले लिया. ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना देकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए. लेकिन फसल नहीं बच सकी.
बिजली विभाग की लापरवाहियों का खामियाजा
सूचना के घंटों बाद जब दमकलकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची तब तक किसान आग बुझा चुके थे. लेकिन फ़सल पूरी तरह जलकर चुकी थी, किसान की मेहनत राख हो गई थी. बुंदेलखंड किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज राजपूत ने बताया कि खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन बहुत नीचे तक लटकी हुई है, जिसके चलते आए दिन हादसे सामने रहते आते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा किसान मुन्नीलाल को भुगतना पड़ा है. लगातार शिकायतों के बाद भी लाइन को ऊपर नहीं किया गया. पीड़ित किसान ने फसल के नुकसान को लेकर मुआवजे की मांग की है. वहीं, किसान यूनियन ने भी यह पक्ष रखा और पनवाड़ी में दमकल चौकी की वकालत की.
पनवाड़ी में भी दमकल चौकी की बनाया जाय
अग्निशमन विभाग जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर है. इसके चलते टीम काफी देर के बाद पहुंची थी, तब तक चार बीघा फसल जलकर राख हो गई. प्रशासन से मांग है कि पनवाड़ी कस्बे में एक पॉइंट बनाकर दमकलकर्मियों की टीम को यहां पर रखा जाए ताकि आगजनी की घटना से होने वाले नुकसान से लोगों को बचाया जा सके.
रिपोर्ट- विराग पचौरी, टीवी9