पुरानी रंजिश में बेटे को गोली मारी, पिता को पीट-पीटकर कर दिया लहुलुहान; दिन दहला देगा महोबा का गोलीकांड

महोबा में पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला हुआ. दबंगों ने 30 वर्षीय बेटे नरेंद्र राजपूत को गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि 65 वर्षीय पिता मंगल सिंह राजपूत को बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और आरोपियों की तलाश जारी है. गांव में दहशत का माहौल है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के महोबा में बदमाशों ने एक पिता पुत्र पर जानलेवा हमला किया. बदमाशों ने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं, बुजुर्ग पिता को पीट-पीटकर लहुलुहान कर दिया. वारदात महोबा के खरेला थाना क्षेत्र में चंदौली गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. उधर, परिजनों ने गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

महोबा पुलिस के मुताबिक चंदौली गांव में रहने वाले 65 वर्षीय मंगल सिंह राजपूत सोमवार को अपने 30 वर्षीय बेटे नरेंद्र राजपूत के साथ खेत से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव के ही कुछ दबंगों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और मारपीट करने लगे. नरेंद्र ने पिता को बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी. इसके बाद मंगल सिंह के ऊपर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से वार किया. इस हमले में मंगल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.

फील्ड यूनिट के साथ पहुंचे एसपी

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वहीं परिजनों ने नरेंद्र और मंगल सिंह को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया. वहीं मंगल सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. उधर, सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की. इस संबंध में पुलिस ने मंगल सिंह की तहरीर और बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है.

गांव के दहशत का माहौल

ग्रामीणों के मुताबिक मंगल सिंह का गांव के ही कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. कुछ दिन पहले भी इनके बीच झगड़ा हुआ था. उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की थी. इसके बाद आरोपियों ने दोनों पिता पुत्र को खेत में ही घेर कर इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से ही आरोपी फरार हैं. उनकी तलाश में पुलिस टीमों ने दबिश तेज कर दी है. घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल है.

Follow Us